1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. महाराष्ट्र के बाद अब इन राज्यों पर भी ‘लॉकडाउन’ का खतरा, लग सकता है लॉकडाउन !

महाराष्ट्र के बाद अब इन राज्यों पर भी ‘लॉकडाउन’ का खतरा, लग सकता है लॉकडाउन !

By: Amit ranjan 
Updated:
महाराष्ट्र के बाद अब इन राज्यों पर भी ‘लॉकडाउन’ का खतरा, लग सकता है लॉकडाउन !

नई दिल्ली : देश में लगातार बढ़ते कोरोना केस को लेकर महाराष्ट्र सरकार ने कल रात अपने राज्य में लॉकडाउन जैसा कर्फ्यू लगाने का ऐलान कर दिया गया है। जिसके बाद अब उन राज्यों पर भी लॉकडाउन का संकट मंडराने लगा है, जहां से अधिक नये कोरोना केस सामने आ रहे है। आपको बता दें कि पहली बार देश में रिकॉर्ड 1 लाख 84 हजार से अधिक नए कोरोना केस सामने आए हैं, जिससे देश में अब कोरोना एक्टिव केसों की संख्या 13 लाख के पार पहुंच गया है। जबकि 1000 से अधिक मौतों के साथ कोविड से मरने वाले लोगों की कुल संख्या 1,72,085 हो गई है।

आपको बता दें कि महाराष्ट्र सबसे अधिक कोरोना संक्रमण से प्रभावित राज्य है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भी कोरोना मरीजों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। कोरोना संकट पर काबू पाने के लिए महाराष्ट्र में आज रात आठ बजे से सख्त नियम लागू हो जाएंगे। महाराष्ट्र में ‘ब्रेक द चेन’ नाम मुहिम के तहत पूरे प्रदेश में 15 दिनों तक धारा 144 लागू रहेगी। इस दौरान लोग सिर्फ जरूरी सेवाओं के लिए ही घरों से बाहर निकल सकेंगे।

आपको बता दें कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Health Ministry) ने उन 10 राज्यों की लिस्ट जारी की है, जहां सबसे तेजी से नए केस में बढ़ोतरी हो रही है। जिसमें प्रमुख महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़, दिल्ली, कर्नाटक, तमिलनाडु, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और केरल हैं। इन सभी 10 राज्यों में पूरे मामलों का 80.8 प्रतिशत कोरोना केस है।

बता दें कि महाराष्ट्र में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus in Maharashtra) के 60,212 नए मामले सामने आए और 281 लोगों की मौत हो गई, जिस देखते हुए महाराष्ट्र सरकार ने 14 अप्रैल रात आठ बजे से 15 दिनों का राज्यव्यापी कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 13468 नए मामले सामने आने और संक्रमण की वजह से 81 लोगों की मौत के बाद यह महामारी से देश का सबसे ज्यादा प्रभावित शहर बन गया है। उत्तर प्रदेश का भी हाल सबसे बुरा है और राज्य में कोरोना वायरस के नए मामले तेजी से बढ़े हैं। यूपी में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 18021 नए मामले सामने आए हैं, जबकि इस दौरान 81 लोगों की मौत हुई है। लखनऊ में सबसे ज्यादा 5382 नए मामले सामने आए हैं। इसके अलावा प्रयागराज में 1856, वाराणसी में 1404, कानपुर में 1271, गोरखपुर में 602, गाजियाबाद में 199 और नोएडा में 229 नए मामले दर्ज किए गए हैं।

छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटे में 15121 और लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिससे राज्य में अब कुल संक्रमितों की संख्या 4,71,994 हो गई है। राज्य में यह पहली बार है जब एक ही दिन में इतनी बड़ी संख्या में कोरोना वायरस संक्रमण के मामले आए हैं।

कर्नाटक में 8778 नए मामले सामने आए हैं और 67 मौतें भी हुई हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव राजेश भूषण ने बताया कि कर्नाटक में मध्य फरवरी में हर रोज 404 मामले सामने आते थे, जो अब बढ़कर 7700 हो गए हैं। कर्नाटक में कुल संक्रमितों की संख्या बढ़कर 10.83 लाख हो गई है। इसके साथ ही ठीक होने वाले मरीजों की संख्या में भी गिरावट आई है और सक्रिय मामले बढ़कर 78 हजार से अधिक हो गए हैं।

तमिलनाडु भी कोरोना वायरस (Coronavirus in Tamil Nadu) से बुरी तरह प्रभावित है और राज्य में मंगलवार को 6984 नए केस आए, जबकि 18 लोगों की मौत हुई। अब तक तमिलनाडु में कुल 947129 केस दर्ज हो चुके हैं और कुल 12945 मौतें हो चुकी हैं। फिलहाल तमिलनाडु में 49985 केस एक्टि‍व हैं। इनमें से 18673 केस राजधानी चेन्नई में एक्टिव हैं।

मध्य प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के सर्वाधिक 8,998 नए मामले सामने आए और इसके साथ ही प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या 3,53,632 तक पहुंच गई। राज्य में पिछले 24 घंटे में इस बीमारी से 40 और व्यक्तियों की मौत हुई है। प्रदेश में अब तक इस बीमारी से मरने वालों की संख्या 4,261 हो गई है, वहीं 305832 मरीज स्वस्थ हो गए हैं और 43539 मरीजों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है।

आपको बता दें कि गुजरात में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 6690 नए मामले सामने आए, जो रोजाना सामने आने वाले मामलों की सर्वाधिक संख्या है। इसके साथ ही संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 360206 हो गए। राज्य के स्वास्थ्य विभाग की ओर से बताया गया कि कोविड-19 से 67 और मरीजों की मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या 4922 पर पहुंच गई।

बता दें कि जिस प्रकार लगातार इन राज्यों से कोरोना के नये मामले सामने आ रहे है, उसे लेकर एक बार फिर लोगों में महाराष्ट्र की तरह अन्य राज्यों में भी लॉकडाउन जैसा कर्फ्यू लगने का अंदेशा लग रहा है। हालांकि अभी तक अन्य राज्य सरकारों ने लॉकडाउन को लेकर किसी तरह का ऐलान नहीं किया है, वहीं राज्य सरकार कोरोना महामारी से लड़ने के लिए अन्य विकल्पों को तलाश रहा है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...