1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. जम्मू-कश्मीर : कुलगाम के बाद बारामूला में भी सुरक्षाबलों पर हमला, तीन जवान घायल, ग्रेनेड फेंक बनाया था निशाना

जम्मू-कश्मीर : कुलगाम के बाद बारामूला में भी सुरक्षाबलों पर हमला, तीन जवान घायल, ग्रेनेड फेंक बनाया था निशाना

15 अगस्त आने में सिर्फ दो दिन शेष है, इसे लेकर सुरक्षाबलों ने सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था कड़ी कर रखी है। वहीं दूसरी ओर आतंकवादी लगातार जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग जिलों में सुरक्षाबलों के दल पर हमला कर रहे है, जिसका सुरक्षाबल भी मुहतोड़ जवाब दे रहा है। आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के एक दल पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।

By: Amit ranjan 
Updated:
जम्मू-कश्मीर : कुलगाम के बाद बारामूला में भी सुरक्षाबलों पर हमला, तीन जवान घायल, ग्रेनेड फेंक बनाया था निशाना

नई दिल्ली : 15 अगस्त आने में सिर्फ दो दिन शेष है, इसे लेकर सुरक्षाबलों ने सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था कड़ी कर रखी है। वहीं दूसरी ओर आतंकवादी लगातार जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग जिलों में सुरक्षाबलों के दल पर हमला कर रहे है, जिसका सुरक्षाबल भी मुहतोड़ जवाब दे रहा है। आपको बता दें कि जम्मू-कश्मीर के बारामूला जिले में शुक्रवार को आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों के एक दल पर ग्रेनेड से हमला कर दिया। हमले में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल हो गए।

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, दोपहर करीब ढाई बजे उत्तर कश्मीर में एसबीआई मुख्य चौक सोपोर के पास सुरक्षा बलों के एक दल पर आतंकवादियों ने ग्रेनेड फेंक कर हमला किया। बता दें कि इससे पहले कुलगाम में आतंकियों ने गुरुवार को बीएसएफ के काफिले पर हमला किया था। इसके बाद शुरू हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने एक पाकिस्तानी आतंकवादी को मार गिराया।

कश्मीर के पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी) विजय कुमार ने कहा कि मारे गए आतंकवादी की पहचान पाकिस्तान के उस्मान के रूप में हुई है, जो पिछले छह महीनों से सक्रिय एक ‘खतरनाक आतंकवादी’ था। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा कि कुलगाम के मालपोरा मीर बाजार इलाके के पास श्रीनगर-जम्मू नैशनल हाइवे पर (गुरुवार) करीब तीन बजे आतंकवादियों ने बीएसएफ के काफिले पर गोलीबारी की। पुलिस और सुरक्षा बलों के एक आरओपी (सड़क खोलने वाले दल) ने जवाबी कार्रवाई की। शुरुआती हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।

इलाके की घेराबंदी कर दबोचा                

प्रवक्ता ने कहा कि पुलिस और सेना के जवान तुरंत वहां पहुंचे और इलाके की घेराबंदी कर दी। उन्होंने कहा कि दल ने सुनिश्चित किया कि आतंकवादियों को भागने का कोई मौका न दिया जाए। आतंकवादियों ने पास की एक विशाल इमारत में शरण ले रखी थी। छिपे हुए आतंकवादियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों के संयुक्त दल पर अंधाधुंध गोलीबारी की। जवाबी कार्रवाई की गई तो एनकाउंटर शुरू हो गया।

हाईवे पर हमले की योजना बना रहे थे आतंकवादी

आईजीपी ने कहा कि पिछले एक सप्ताह से सामान्य जानकारी मिल रही थी कि आतंकवादी बारामूला-श्रीनगर रोड या काजीगुंड-पंथा चौक से नैशनल हाइवे पर हमला करने की योजना बना रहे थे। कुमार ने यहां पत्रकारों से कहा कि इसलिए, पुलिस और सुरक्षा बल तैयार थे। इससे पता चलता है कि सुरक्षा बलों की प्रतिक्रिया कितनी अच्छी रही है कि जवाबी कार्रवाई के दौरान आतंकवादी को भागने नहीं दिया गया।

बीएसएफ के काफिले पर किया हमला

आईजीपी ने कहा कि जब बीएसएफ का काफिला आ रहा था तब दो आतंकवादियों ने एक विशाल इमारत से अंधाधुंध गोलीबारी की, लेकिन हमें कोई चोट नहीं आई। कुमार ने कहा कि सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया और मुठभेड़ शुरू हो गई। जीओसी (सेना के दक्षिण कश्मीर स्थित जनरल ऑफिसर कमांडिंग) विक्टर फोर्स और मैंने रात के दौरान ऑपरेशन की निगरानी की। हमने रॉकेट लॉन्चर का इस्तेमाल किया और एक आतंकवादी को मार गिराया।

एनकाउंटर स्‍थल से हथियार-गोला बारूद बरामद

कुमार ने कहा कि चूंकि अंधेरे में तलाश करना मुश्किल था, इसलिए सुबह एक पाकिस्तानी आतंकवादी का शव बरामद किया गया, जिसकी पहचान उस्मान के रूप में हुई है, जो पिछले छह महीने से सक्रिय था। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया, जिसमें एक एके-47 राइफल, मैगजीन, ग्रेनेड, आरपीजी-7 रॉकेट लांचर शामिल हैं। कुमार ने कहा कि यह दिखाता है कि वे आतंकवादी कोई बड़ी योजना बना रहे थे।

आतंकवादी उस्मान को मारकर मिली बड़ी सफलता

आईजीपी ने कहा कि लंबे समय के बाद (कश्मीर में) आरपीजी-7 बरामद किया गया है और पुलिस व सुरक्षा बलों ने एक बड़ी घटना को टाल दिया है। मुझे पुलिस और सुरक्षा बलों पर गर्व है। उन्होंने कहा कि खूंखार पाकिस्तानी आतंकवादी उस्मान को मारकर बड़ी सफलता मिली है। पुलिस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि आतंकवादियों की ओर से अंधाधुंध गोलीबारी में सीआरपीएफ और सेना का एक-एक जवान और दो नागरिक घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...