मध्य प्रदेश के पन्ना जिले की ग्राम पंचायत बराछ से निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करने वाली घटना सामने आई है। पंचवटी क्षेत्र में लाखों रुपये की लागत से निर्माणाधीन पुल का स्लैब अचानक भरभराकर गिर गया। घटना के समय निर्माण कार्य जारी था। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन निर्माण कार्य की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पुल निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। उनका कहना है कि अनुभवी कारीगरों के बजाय मजदूरों से तकनीकी कार्य कराया जा रहा था। साथ ही निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग का भी आरोप लगाया गया है। ग्रामीणों का मानना है कि इन्हीं कारणों से निर्माणाधीन पुल का स्लैब गिर गया।
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने से पहले ही पूरी राशि का भुगतान किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक किसी भी अधिकारी द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यदि जांच में ऐसे आरोप सही पाए जाते हैं, तो मामला निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का हो सकता है।

मामले पर जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) जयशंकर तिवारी ने कहा कि उन्हें इस घटना की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।