1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती आज, पीएम मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किया याद, दी श्रद्धांजलि

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती आज, पीएम मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किया याद, दी श्रद्धांजलि

देश आज अपने पूर्व दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद कर रहा है, जिनका जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। राजीव गांधी 1984 से 1989 तक प्रधानमंत्री रहे थे। सन् 1991 में एक चुनाव अभियान के दौरान लिट्टे ने उनकी हत्या कर दी थी।

By: Amit ranjan 
Updated:
भारत के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 77वीं जयंती आज, पीएम मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने किया याद, दी श्रद्धांजलि

नई दिल्ली : देश आज अपने पूर्व दिवंगत प्रधानमंत्री राजीव गांधी को याद कर रहा है, जिनका जन्म 20 अगस्त 1944 को हुआ था। इस कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। पूर्व प्रधानमंत्री की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर लिखा कि, ‘हमारे पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन।’

 

इसके साथ ही कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी राजघाट स्थित वीरभूमि पहुंचे और अपने पिता को समाधि स्थल पर नमन किया। इस मौके पर उनके साथ लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी समेत कई अन्य कांग्रेसी नेता भी मौजूद थे।

एक फेसबुक पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री को याद करते हुए राहुल ने लिखा कि, ‘एक धर्मनिरपेक्ष भारत ही एक ऐसा भारत है जो जीवित रह सकता है। श्री राजीव गांधी जी की जयंती पर उन्हें नमन।’  भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ट्विटर अकाउंट से राजीव की याद में लिखा गया- ‘भारत के सबसे युवा प्रधानमंत्री। 21वीं सदी के भारत के शिल्पकार। दूरदर्शी, नेता, देशभक्त। हम भारत रत्न राजीव गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्र के लिए उनके अपार योगदान को याद करते हैं।’

इसके साथ ही भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष श्रीनिवास बी वी ने राजीव गांधी को आधुनिक भारत की उनकी दिशादृष्टि को लेकर याद किया एवं उन्हें ‘ देश में सूचना प्रौद्योगिकी एवं दूरसंचार क्रांति का जनक’ बताया। राजीव गांधी 1984 से 1989 तक प्रधानमंत्री रहे थे। सन् 1991 में एक चुनाव अभियान के दौरान लिट्टे ने उनकी हत्या कर दी थी।

आपको बता दें कि इस मौके पर आज दिल्ली में में दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए एक विशेष फोटो प्रदर्शनी भी लगायी जाएगी। इसके अलावा रक्तदान शिविर, खेलकूद एवं सांस्कृतिक समारोह समेत कई कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

कई कार्यक्रम आयोजित करेगी यूथ कांग्रेस

आपको बता दें कि ‘भारत रत्न’ राजीव गांधी की जयंती कांग्रेस सद्भावना दिवस के रूप में मनाती है। देशभर में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता ‘सद्भावना दिवस’ पर पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस दौरान फोटो प्रदर्शनी, सांस्कृतिक एवं खेलकूद कार्यक्रम, ‘रन फॉर नेशन’, रक्तदान शिविर आदि कार्यक्रम राज्य, जिला, विधानसभा क्षेत्र एवं प्रखंड स्तर पर आयोजित किये जाएंगे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...