कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मनरेगा योजना के अंतर्गत सरकार द्वारा 40 हजार करोड़ के अतिरिक्त बजट का प्रावधान करने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि नरेंद्र मोदी ने मनरेगा योजना पर यू-टर्न लिया।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, प्रधानमंत्री ने यूपीए के कार्यकाल में शुरू की गई मनरेगा योजना के लिए 40 हजार करोड़ रूपये के अतिरिक्त बजट को मंजूरी दी है। मनरेगा की दूरदर्शिता को समझने और उसे बढ़ावा देने के लिए हम उनके प्रति आभार प्रकट करते है।
राहुल गांधी ने हैशटैग मोदी यू टर्न ऑन मनरेगा का इस्तेमाल किया। इसके साथ ही राहुल ने 2014 में सत्ता में आने के बाद पीएम मोदी के एक भाषण का वीडियों भी साझा किया। जिसमें प्रधानमंत्री ने कहा था कि मनरेगा कांग्रेस की असफलताओं का जीता-जागता सबूत है।