कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए अभी भी पूरी सतर्कता और सावधानी बरतना आवश्यक -योगी
लखनऊ : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए अभी भी पूरी सतर्कता और सावधानी बरतना आवश्यक है।
संक्रमण को नियंत्रित करने के लिए कोविड-19 के प्रोटोकाल तथा सोशल डिस्टेंसिंग का पूर्ण पालन कराना आवश्यक है।सीएम ने यह बात सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक में कही।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बाजारों में यह सुनिश्चित हो कि दुकानदार तथा ग्राहक दोनों मास्क अवश्य पहने। दुकान में सैनिटाइजर भी उपलब्ध रहे।
उन्होंने कहा कि सभी सावधानियां बरतते हुए यह पक्का किया जाए कि कोई भी व्यक्ति कोरोना कैरियर न बनने पाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संचारी रोगों के नियंत्रण के लिए साफ-सफाई का कार्य पूरी सक्रियता से संचालित किया जाए। सैनिटाइजेशन, एण्टीलार्वा रसायनों का छिड़काव एवं फागिंग के कार्य नियमित तौर पर किए जाएं।
नालियों की सफाई इस प्रकार की जाए, जिसमें सफाई के दौरान निकले मलबे का भी समुचित निस्तारण हो। उन्होंने गो-आश्रय स्थलों पर भी साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था किए जाने के निर्देश दिए।