रिपोर्ट: सत्यम दुबे
आगरा: उत्तर प्रदेश में कोरोना महामारी के ऑकड़ों में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है। मौजूदा वक्त में प्रदेश में महामारी पर काबू पा लिया है। जिसके बाद सरकार कोविड गाइडलाइन का पालन करने के सुझाव के साथ लॉकडाऊन भी खत्म कर रही है। धीरे-धीरे अनलॉक हो रहे प्रदेश में ताजमहल के खुलने का समय भी बदल गया है। अभी तक लॉकडाउन के कारण ताजमहल सुबह 7 बजे से खुलता था, लेकिन प्रदेश सरकार द्वारा रात्रि कर्फ्यू रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक कर दिए जाने के बाद अब ताजमहल भी सुबह छह बजे से खुलेगा। सरकार के इस फैसले के बाद पर्यटक अब सूर्योदय के साथ ही ताज का दीदार कर सकेंगे।
आपको बता दें कि कोरोना महामारी के कारण यूपी में रात 9 से सुबह 7 बजे तक नाइट कर्फ्यू लगा हुआ था। कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सभी स्मारक भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण द्वारा सुबह 7 बजे खोले जा रहे थे। रविवार को योगी सरकार ने नाइट कर्फ्यू में रियायत देते हुए रात 10 से सुबह छह बजे तक कर दिया। जिससे अब ताजमहल सुबह 6 बजे से सूर्यास्त तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। इसके साथ ही पर्यटक कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के साथ ताजमहल का दीदार कर सकते हैं।
वैसे तो ताजमहल के खुलने और बंद होने का समय सूर्योदय से सूर्यास्त तक रहता था, लेकिन कोरोना महामारी के से समय में बदलाव कर दिया गया था। जिन पर्यटकों को टिकट बुक करने में परेशानी आ रही है उनकी मदद की भी व्यवस्था की गई है।
अब ताजमहल अपने निर्धारित समय से एक घंटे पहले खुलने के एलान के बाद दुकानदारों के चेहरों में भी चमक आ गई है। उनका कहना है कि ताजमहल के समय मे बदलाव से फायदा होगा। जबकि पर्यटकों के चेहरे पर भी मुस्कान है। पर्यटकों का कहना है कि ताजमहल का समय बढ़ाने से पर्यटकों को और ज्यादा ताज का दीदार करने का मौका मिलेगा।