रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: यूपी की योगी सरकार राज्य कर्मचारियों के लिए बड़ा फैसला लेने जा रही है। सरकार ने राज्यकर्मियों के महंगाई भत्ता DA बढ़ाने का आदेश दिया है। CM योगी ने इस फैसले पर मंजूरी के लिए वित्त विभाग से प्रस्ताव मांगा है। कयास लगाया जा रहा है, राज्य कर्मचारियों के महंगाई भत्ते में 11 फीसदी की बढ़ोत्तरी होगी। साथ ही 17 फीसदी से बढ़कर सीधा 28 फीसदी पर पहुंच जायेगा।
आपको बता दें कि सरकार द्वारा लागू करने के बाद यूपी सरकार के खजाने पर 64 अरब रुपये का सालाना बोझ बढ़ सकता है। कोरोना महामारी के कारण पिछले डेढ़ साल से महंगाई भत्ते को स्थगित किया गया था। अब योगी सरकार के फैसले से राज्यकर्मियों को लाभ मिलेगा। इस दौरान जनवरी 2020, जुलाई 2020 और जनवरी 2021 का महंगाई भत्ता मिलेगा।
आपको बता दें कि बड़ी बात यह है कि सरकार के इस फैसले के बाद राज्य कर्मचारियों को जुलाई से वेतन के साथ ही DA मिल सकता है। इस फैसले से राज्य के कुल 15 लाख कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, जबकि करीब 12 लाख पेंशनर्स को भी DR का लाभ मिलेगा। इतना ही नहीं प्रतिनियुक्ति में भी पारिवारिक पेंशन मिल पाएगी।
आगामीं विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार की ओर से राज्य सरकार के 15 लाख कर्मचारियों के लिए ये एक बड़ा तोहफा माना जा रहा है। हाल ही में केंद्र सरकार ने भी केंद्रीय कर्मचारियों के DA, DR में बढ़ोतरी की थी। साल 2020 में आए कोरोना संकट के वक्त केंद्र और कई राज्य सरकारों ने DA पर रोक लगा दी थी। जिसको सरकार ने फिर से शुरू करने का फैसला किया है।