1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. योगी सरकार कन्नौज जिले में परफ्यूम पार्क और म्यूजियम बनाने की कोशिश तेज की, इत्र की खुशबू से महकेगी कन्नौज की फिजाएं

योगी सरकार कन्नौज जिले में परफ्यूम पार्क और म्यूजियम बनाने की कोशिश तेज की, इत्र की खुशबू से महकेगी कन्नौज की फिजाएं

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
योगी सरकार कन्नौज जिले में परफ्यूम पार्क और म्यूजियम बनाने की कोशिश तेज की, इत्र की खुशबू से महकेगी कन्नौज की फिजाएं

रिपोर्ट: सत्यम दुबे

कन्नौज: यूपी का कन्नौज जिला हमेशा इत्र की खुशबुओं के लिए जाना जाता है। कन्नौज जिले में परफ्यूम पार्क और म्यूजियम बनाने की कोशिशें तेज हो गई हैं। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण(यूपीसीडा) ने वेबिनार आयोजित कर देशभर के दिग्गज मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण की कोशिश है कि देश का सबसे खूबसूरत परफ्यूम पार्क और म्यूजियम कन्नौज में तैयार हो।

आपको बता दें कि कन्नौज का इत्र देश में ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया में मशहूर है। यहां पर्याप्त संसाधन न होने के कारण लोग इत्र का पुश्तैनी काम छोड़ने की बात करते हैं। कन्नौज में यह पारंपरिक तौर पर होता आया है। अब योगी सरकार कोशिश कर रही है कि इत्र की नगरी को बेहतरीन संसाधन उपलब्ध कराए जाएं, जिससे फिर से यहां की महक पूरी दुनिया में फैले।

अगर यूपी राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण की कोशिशें तेज कामयाब होती हैं तो इत्र के इस पुराने शहर को बेहतरीन संसाधनों से एक बार फिर महकाया जा सकता है। प्रयासों को देखकर लग रहा है कि यहां एक बार फिर से दिन बहुर सकते हैं।

आपको बता दें कि जब-जब खुशबू की बात होती है तो सबके जेहन में कन्नौज का नाम सबसे पहले आता है। देश के साथ दुनिया यहां के इत्र की फैन है। यहां फूल, पत्तियों और घास से ही नहीं बल्कि मिट्टी तक से खुशबू निकालकर इत्र बनाने का काम किया जाता है। एक दौर था, जब कन्नौज में नालियों तक में इत्र महकता था, लेकिन पिछले काफी समय से इत्र उद्योग पर संकट के बादल छाते जा रहे हैं।

इत्र बनाने की आधुनिक तकनीक के अभाव में यहां की इत्र फैक्ट्रियां धीरे-धीरे दम तोड़ रही हैं। उम्मीद है कि संग्रहालय स्थानीय व्यवसायों को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगा। यह शुद्ध और प्राकृतिक परफ्यूम बनाने की शहर की विरासत को प्रचारित करेगा. संसाधनों के अभाव में कृत्रिम इत्र कंपनियों और पारंपरिक इत्र के व्यापार में मुश्किलें आ रही हैं, जिसकी वजह से लोग पुश्तैनी काम छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...