रिपोर्ट: सत्यम दुबे
लखनऊ: यूपी की योगी सरकार की जीरो टॉलरेंस की नीति अब भी जारी है। सरकार सूबे में अपराधियों पर लगाम लगाने का सिलसिला लगातार जारी रखी है। यूपी में पुलिस ने कुख्यात अपराधियों, विभिन्न प्रकार के माफियाओं व उनके गिरोह के अन्य सहयोगियों आदि के विरूद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की है।
आपको बता दें कि योगी सरकार के चार वर्ष से अधिक के कार्यकाल में गैंगस्टर अधिनियम के तहत कुल 15 अरब 74 करोड़ रूपये से अधिक की अवैध सम्पत्तियों को जब्त किया गया है। सबसे ज्यादा कार्रवाई जनवरी 2020 से अब तक की गयी है। इस दौरान रिकॉर्ड कुल 13 अरब, 22 करोड़ रूपये से अधिक की अवैध सम्पत्ति गैगेंस्टर अधिनियम के तहत जब्त की गयी है।
इस बात की जानकारी देते हुए अपर मुख्य सचिव, गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 13 हजार 7 सौ से अधिक अभियोग गैंगस्टर अधिनियम के तहत दर्ज किये जा चुके हैं, जिनमें 43 हजार से अधिक अभियुक्तों की गिरफ्तारी की गयी है। उन्होंने बताया कि अब तक गैंगस्टर अधिनियम की धारा-14(1) के तहत 1431 प्रकरणों में 15 अरब, 74 करोड़, 5 लाख रूपये से अधिक की चल अचल अवैध सम्पत्तियों पर शिंकजा कसते हुए सरकारी जमीन मुक्त कराने, अवैध कब्जे के ध्वस्तीकरण एवं अवैध सम्पत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
इनमें से गैंगस्टर अधिनियम में सबसे ज्यादा एक्शन वाराणसी जोन में लिया गया, जहां पर कुल 420 प्रकरणों में 2 अरब, 2 करोड़, 29 लाख रूपये से अधिक, इसके बाद गोरखपुर जोन में 208 प्रकरणों में 2 अरब, 64 करोड़, 85 लाख रूपये से अधिक इसके साथ ही बरेली जोन में 1 अरब, 84 करोड़, 82 लाख रूपये से अधिक की सम्पत्ति के जब्तीकरण की कार्रवाई की गई है।
इसके बाद अवनीश अवस्थी ने बताया कि यूपी में संगठित अपराध का सफाया किया गया है, बीते 20 मार्च 2017 से 20 जून 2021 तक की अवधि में कुल 139 अपराधी गिरफ्तारी के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में मारे गये हैं। जबकि 3196 घायल हुये हैं। इन कार्रवाईयों में पुलिस बल के 13 जवान वीर गति को प्राप्त हुए तथा 1122 पुलिस कर्मी घायल भी हुए हैं।
उन्होने आगे बताया कि ताया कि इसी कड़ी में प्रदेश के 25 कुख्यात माफिया अपराधियों को चिन्हित कर उनके तथा गैंग के अपराधियों व उनके सहयोगियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की गयी है।