पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से एक जून से सभी धार्मिक स्थलों को खोलने के फैसले के बावजूद कई मंदिर समितियों और इमामों के संगठनों ने बंद रखने का फैसला लिया है।
उत्तर 24-परगना जिले के दक्षिणेश्वर काली मंदिर और बीरभूम जिले में स्थित तारापीठ मंदिर समिति ने फिलहाल 15 जून तक बंद रखने का फैसला लिया है। वहीं दूसरी तरफ इमामों के संगठन इमाम एसोसिएशन ने भी फिलहाल मस्जिदों को बंद रखने की अपील की है। इमामों के संगठन के अध्यक्ष मोहम्मद याहिया ने कहा है कि हमने दो महीने तक घर से ही प्रार्थना की है। इसे जारी रखने में कोई बुराई नहीं है।
बंगाल सरकार ने कुछ शर्तों और रियायतों के साथ राज्य में जारी लाॅकडाउन को 15 जून तक बढ़ा दिया है। सरकार ने सिनेमा और टेलीविजन धारावाहिकों को भी शर्तों के साथ शूटिंग की अनुमति दे दी है। इसके साथ ही आठ जून से सरकारी दफ्तरों में 50 फीसदी की जगह अब 70 फीसदी कर्मचारी काम कर सकेंगे।