1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. कांग्रेस पर बरसे हेमंत खंडेलवाल, SIR को बताया सामान्य प्रक्रिया- बोले- बूथ जीता तो चुनाव जीता

कांग्रेस पर बरसे हेमंत खंडेलवाल, SIR को बताया सामान्य प्रक्रिया- बोले- बूथ जीता तो चुनाव जीता

बड़वानी दौरे पर पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली ताकत बताया। उन्होंने चारों विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य रखा, कांग्रेस पर निशाना साधा और SIR को सामान्य प्रक्रिया बताया।

By: BS Yadav 
Updated:
कांग्रेस पर बरसे हेमंत खंडेलवाल, SIR को बताया सामान्य प्रक्रिया- बोले- बूथ जीता तो चुनाव जीता

बड़वानी। भाजपा के मध्य प्रदेश प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल रविवार को अपने पहले दौरे पर बड़वानी जिला मुख्यालय पहुंचे। निजी रिसॉर्ट में आयोजित संगठन की बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं को पार्टी की असली ताकत बताते हुए बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने बड़वानी जिले की चारों विधानसभा सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य भी रखा।

कार्यकर्ता ही भाजपा की असली ताकत

संगठन की बैठक को संबोधित करते हुए हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भाजपा पुराने कार्यकर्ताओं के त्याग और मेहनत से खड़ी हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और हर चुनाव में जीत के संकल्प के साथ काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो चुनाव जीतने का रास्ता आसान होगा। खंडेलवाल ने दोहराया कि भाजपा सत्ता आधारित नहीं, बल्कि संगठन आधारित पार्टी है।बैठक में जिले के प्रभारी मंत्री, कैबिनेट मंत्री, खरगोन-बड़वानी सांसद, पानसेमल विधायक, जिला अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और विभिन्न क्षेत्रों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान संगठन और प्रशासन से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

कांग्रेस पर साधा निशाना, मोदी सरकार के काम गिनाए

हेमंत खंडेलवाल ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी ने अपने लंबे शासनकाल में अपेक्षित काम नहीं किए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने आवास और फसल बीमा जैसी योजनाओं के जरिए लोगों के हित में काम किया है।उन्होंने भारत के भविष्य को लेकर भी अपना विश्वास जताया और बड़वानी की चारों विधानसभा सीटें जीतने का लक्ष्य दोहराया। खंडेलवाल ने कहा कि पद पर रहें या न रहें, वह हमेशा कार्यकर्ता रहेंगे। मुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष के एक साथ मंच पर कम दिखाई देने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि वह संगठन के नेता हैं, सत्ता के नहीं।

SIR पर बोले- सही मतदाता को मिले वोट का अधिकार

विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर खंडेलवाल ने कहा कि मतदाता सूची का पुनरीक्षण एक सामान्य प्रक्रिया है। उनके मुताबिक, इसका उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार सुनिश्चित करना और डुप्लीकेट, मृत या अपात्र मतदाताओं के नामों की जांच करना है। उन्होंने चुनाव आयोग की इस पहल का समर्थन करते हुए सभी राजनीतिक दलों से लोकतंत्र को मजबूत करने की अपील की।उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले पार्टी इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर सवाल उठाती थी और अब SIR को लेकर आरोप लगा रही है। ये बयान प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बड़वानी में आयोजित बैठक के दौरान दिए।

शिक्षा और बिजली व्यवस्था पर भी रखी बात

ग्रामीण क्षेत्रों में स्कूल भवनों की कमी से जुड़े सवाल पर खंडेलवाल ने कहा कि शिक्षा का दायरा बढ़ने के साथ कुछ स्थानों पर भवनों की कमी हो सकती है। उन्होंने सांदीपनि विद्यालयों और परिवहन सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली कटौती के सवाल पर उन्होंने कहा कि वर्तमान में पानी की कमी के कारण हाइडल और थर्मल बिजली उत्पादन से जुड़ी चुनौतियां हैं। उनके अनुसार, अधिकारियों ने अगले 8 से 10 दिनों में स्थिति में सुधार होने की जानकारी दी है। बड़वानी दौरे के दौरान हेमंत खंडेलवाल ने संगठन को मजबूत करने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी चुनावों में जीत के लक्ष्य पर जोर दिया।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...