सीहोर। जिले में लगातार हो रही वर्षा के चलते ढाकनी–मुगली मार्ग पर स्थित पापनास नदी के पुल पर जलभराव और तेज पानी का बहाव बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है और आवागमन पर निगरानी के लिए पुलिस बल तथा कोटवारों की तैनाती की गई है।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुल के दोनों ओर निगरानी व्यवस्था की गई है। अधिकारियों द्वारा मौके पर लगातार स्थिति पर नजर रखी जा रही है ताकि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जलभराव वाले पुल, पुलिया या तेज बहाव वाले स्थानों को पार करने का प्रयास न करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए लोग केवल सुरक्षित और वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

प्रशासन ने नागरिकों से यह भी कहा है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचना पर ही भरोसा करें। आवश्यकता पड़ने पर स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गई है।
अधिकारियों ने कहा कि जनता की सतर्कता और सहयोग से ही किसी भी प्रकार की दुर्घटना को रोका जा सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें।