रिपोर्ट: सत्यम दुबे
नई दिल्ली: कोरोना महामारी को मात देने के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयासरत है। महामारी का दूसरा चरण देश को तोड़ कर रख दिया है। सरकार तेजी से वौक्सीनेशन करवा रही है। इसी कड़ी में अब बच्चों के वैक्सीन को लेकर एक अच्छी खबर सामने आई है। 2 से 17 साल तक के बच्चों के लिए कोरोना वैक्सीन जल्द ही बाजार में आ सकती है।
मिली जानकारी के अनुसार, सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (SII) की कोरोना वैक्सीन ‘कोवोवैक्स’ (Covovax) के दूसरे और तीसरे चरण के ट्रायल के लिए रास्ता साफ हो गया है। केंद्रीय औषधि प्राधिकरण की एक विशेषज्ञ समिति ने कुछ शर्तों के साथ इन ट्रायल को करने की अनुमति देने की सिफारिश की है। यह टीका 2 से 17 साल तक के बच्चों के लिए बनाया जा रहा है।
रिपोर्ट की मानें तो, इस ट्रायल में 10 साइटों पर 12-17 साल के 920 बच्चे और 2-11 आयु वर्ग के प्रत्येक में 460 बच्चों को शामिल किया जाएगा। पिछले सप्ताह SII के निदेशक (सरकारी और नियामक मामले) प्रकाश कुमार सिंह और निदेशक डॉ प्रसाद कुलकर्णी ने समिति के सामने संशोधित आवेदन दिया था।
मौजूदा वक्त की बात करें तो देश में कोरोना टीके के 44.58 करोड़ से ज्यादा खुराकें दी जा चुकी हैं। मंगलवार को 36.87 लाख (36,87,239) खुराकें दी गयीं। मंत्रालय ने कहा कि 18-44 आयु वर्ग में 17,71,541 लोगों को पहली खुराक और 2,69,421 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी।
आपको बता दें कि टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण के शुरू होने के बाद से सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 18-44 आयु वर्ग में कुल 14,43,08,571 लोगों को पहली खुराक और 68,72,779 लोगों को टीके की दूसरी खुराक मिल चुकी है।