1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. Varanasi Corona Update: रिकार्ड 171 की रिपोर्ट पॉजिटिव, वरिष्ठ पत्रकार समेत अब तक 75 की मौत

Varanasi Corona Update: रिकार्ड 171 की रिपोर्ट पॉजिटिव, वरिष्ठ पत्रकार समेत अब तक 75 की मौत

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
Varanasi Corona Update: रिकार्ड 171 की रिपोर्ट पॉजिटिव, वरिष्ठ पत्रकार समेत अब तक 75 की मौत

वाराणसी में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। शुक्रवार की सुबह 171 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। दिन में दो बार जारी होने वाली रिपोर्ट में अब तक कभी सुबह इतनी बड़ी संख्या में संक्रमित नहीं मिले थे। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि शाम तक कोरोना फिर कोई नया रिकार्ड बनाएगा। वहीं गुरुवार की देर रात वरिष्ठ पत्रकार राकेश चतुर्वेदी की कोरोना से मौत के बाद मरने वालों की संख्या 75 हो गई है। 

जिला प्रशासन के अनुसार शुक्रवार की सुबह 1954 लोगों की रिपोर्ट मिली। इसमें  171 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। नए मरीजों के साथ ही वाराणसी में संक्रमितों की संख्या 3924 हो गई है। इसमें 75 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक 2068 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। इसमें बड़ी संख्या होम आइसोलेशन में इलाज कराने वाले मरीज हैं। एक्टिव केस फिलहाल 1781 है। 

वरिष्ठ पत्रकार राकेश चतुर्वेदी का गुरुवार की रात बीएचयू के सर सुंदरलाल अस्पताल में निधन हो गया। वह 58 वर्ष के थे। उन्हें दो दिन पहले कबीरचौरा स्थित मंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां जांच में रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर बीएचयू हास्पिटल में भर्ती किया गया था। जहां उन्होंने कुछ घंटे बाद ही दम तोड़ दिया। राकेश मूल रूप से श्रीकंठपुर चौबेपुर के रहने वाले थे। वर्तमान में पत्रकारपुरम चुप्पेपुर में रहते थे। 

उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्रियां और एक पुत्र हैं। राकेश चतुर्वेदी के आकस्मिक निधन की सूचना पर पत्रकारिता जगत में शोक की लहर छा गई। उनके निधन पर जिलाधिकारी कौशल राज शर्मा ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। जिलाधिकारी ने राकेश चतुर्वेदी के निधन को हिन्दी पत्रकारिता को अपूरणीय क्षति बताया है।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...