1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. टीवी चैनल से जुड़े युवक ने गंगा में कूदकर जान दी, सुसाइड नोट ने पुलिस को उलझाया

टीवी चैनल से जुड़े युवक ने गंगा में कूदकर जान दी, सुसाइड नोट ने पुलिस को उलझाया

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
टीवी चैनल से जुड़े युवक ने गंगा में कूदकर जान दी, सुसाइड नोट ने पुलिस को उलझाया

एक राष्ट्रीय टीवी चैनल से जुड़े 32 वर्षीय रोहित श्रीवास्तव ने गुरुवार को गंगा में कूदकर जान दे दी। ऑटो से विश्वसुंदरी पुल पर पहुंचने के बाद अपना बैग डिवाइडर पर रखकर गंगा में कूद गया। बैग में मोटरसाइकिल की चाबी और कागजात मिले। कागजात के आधार पर पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया।

बैग से मिले चार पेज के सुसाइड नोट से कुछ ऐसी बातें लिखी हैं जो उलझा रही हैं। रोहित के भाई ने एक महिला दोस्त पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है तो वहीं सुसाइड नोट में अपनी महिला दोस्त के बारे में लिखते हुए रोहित ने तारीफ की है। लिखा है कि जब आर्थिक संकट से गुजर रहा था तो उसने काफी मदद की है। वह बेहतर इंसान है।

यह भी लिखा है कि काफी कर्ज होने से वह हताश और निराश था। उसने मां, पिता, भाई, बहन, दोस्तों के बारे में लिखा है। सभी को बेहतर इंसान बताते हुए माफी भी मांगी है। सीओ चेतगंज अनिल कुमार ने बताया कि गंगा में कूदकर जान देने वाले रोहित दवा व अन्य कारोबार से जुड़ा हुआ था।

एक बाबा के बारे में भी लिखा है। बताया है कि उस बाबा ने बताया था कि रोहित की उम्र 35 साल से अधिक नहीं है, जो कि सच साबित होने जा रही है। एक और दोस्त के बारे में लिखा है कि उसने उसे धोखा दिया। ढाई लाख रुपये लिये, जल्द दोगुना होने के बाद लौटाने को कहा था, लेकिन रुपये नहीं दिये।  

चंदौली का रहने वाला रोहित सिगरा पर रहता था
रोहित श्रीवास्तव चंदौली के पं. दीनदयालनगर (मुगलसराय) के पटेल नगर का था। वह वाराणसी में सिगरा के संत रघुवर नगर में किराए का फ्लैट लेकर रहता था। गुरुवार को गंगा में छलांग लगाने के बाद मछुआरों ने उसे बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। पुलिस उसे लेकर बीएचयू ट्रामा सेंटर गई, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही पिता अशोक, छोटे भाई गौरव और मां रेनू पहुंचे। शव देखकर बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़े। पिता रेलवे से रिटायर कर्मचारी हैं। 

भाई गौरव ने बताया कि रोहित सिगरा स्थित जिस फ्लैट पर रहता था। वहां पर अक्सर एक युवती का आना-जाना था। युवती उसे ब्लैकमेल करने की कोशिश करती थी। रोहित चार अगस्त से मोबाइल फोन बंद कर लापता था। आठ अगस्त को पिता ने सिगरा थाने में गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज कराई थी। स्नातक की पढ़ाई कर शहर में रहकर समाचार चैनल से जुड़ा था। वह कारोबार भी करता था। बताया जा रहा है कि कारोबार के सिलसिले में 20 लाख रुपये कर्ज ले रखे थे। इसे लेकर बहुत ज्यादा परेशान रहता था।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...