1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. कोरोना संकट: इम्‍यूनिटी बढ़ाने वाली विटामिन सी के लिए करानी पड़ रही सिफारिश

कोरोना संकट: इम्‍यूनिटी बढ़ाने वाली विटामिन सी के लिए करानी पड़ रही सिफारिश

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कोरोना संकट: इम्‍यूनिटी बढ़ाने वाली विटामिन सी के लिए करानी पड़ रही सिफारिश

इम्यूनिटी बढ़ाने वाली विटामिन सी की गोली की शहर में इस कदर किल्लत है कि इसे लेने के लिए लोग अफसरों तक से सिफारिश करा रहे हैं। सिफारिश के बाद भी कइयों को ये दवा नहीं मिल पा रही है। जिनकी सिफारिश काम कर जा रही है उन्हें 10 से 15 गोली तक ही मिल पा रही है। जबकि तीन महीने पहले तक इसकी बिल्कुल ही डिमांड नहीं थी। 

चिकित्सक इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन सी का सेवन करने की सलाह दे रहे हैं। चिकित्सकों की सलाह पर दवा की दुकानों पर इस टेबलेट की जबरदस्त डिमांड बनी हुई है। थोक बाजार से लगायत फुटकर बाजार तक विटामिन सी की किल्लत बनी हुई है। इसे पाने के लिए कुछ लोग पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों से सिफारिश करा रहे हैं। कुछ की सिफारिश तो काम कर जा रही है और जैसे-तैसे कुछ गोलियां मिल जा रही हैं लेकिन अधिकतर लोगों को खाली हाथ ही वापस आना पड़ रहा है। 

दवा विक्रेता समिति के महामंत्री आलोक चौरसिया ने बताया कि किल्लत कई दिनों से बनी हुई है। आर्डर लगा हुआ है। संभव है दो से तीन दिन में विटामिन सी की गोलियां उपलब्ध हो जाए। वहीं असुरन चौक स्थित एमएम मेडिकल स्टोर के मनमोहन बताते हैं कि इस टेबलेट के लिए अधिकारियों तक के फोन आ रहे हैं। लेकिन उपलब्धता न होने से किसी भी ग्राहक को नहीं दे पा रहे हैं। रोजाना 50 से 60 लोग इस टेबलेट की डिमांड कर रहे हैं। 

बाजार में सैलिन और लिमसी नाम से आती है दवा
बाजार में ब्रांडेड कंपनियों की दो नाम से विटामिन सी की गोलियां आती हैं। एक सैलिन तो दूसरी लिमसी। एक गोली एक रुपये से लेकर डेढ़ रुपये तक है।  

बोले प्रबंध निदेशक
कोविड के सरकारी अस्पतालों से डिमांड आने पर विटामिन सी की टेबलेट दी जा रही हैं। सीएमओ जितनी डिमांड करते हैं, उन्हें वे दी जा रही हैं।

श्रुति सिंह, प्रबंध निदेशक, उ.प्र. मेडिकल सप्लाई कार्पोरेशन

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...