1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सुदीक्षा भाटी मौत केस : आप नेता संजय सिंह का यूपी सरकार पर हमला, बोले- प्रदेश में जंगलराज से बदतर स्थिति

सुदीक्षा भाटी मौत केस : आप नेता संजय सिंह का यूपी सरकार पर हमला, बोले- प्रदेश में जंगलराज से बदतर स्थिति

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
सुदीक्षा भाटी मौत केस : आप नेता संजय सिंह का यूपी सरकार पर हमला, बोले- प्रदेश में जंगलराज से बदतर स्थिति

आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश सरकार पर हमला करते हुए कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति जंगलराज से भी बदतर है और यहां बेटियां, नेता, पत्रकार, वकील व मानवता सुरक्षित नहीं हैं। नोएडा के पार दादरी में डेयरी स्केनर गांवकी छात्रा सुदीक्षा भाटी की मौत के बाद उसके परिजन से मिलने पहुंचे सिंह ने मंगलवार रात को यह बातें कहीं। 

संजय सिंह ने कहा कि सुदीक्षा की मौत उत्तर प्रदेश सरकार के लिए एक कलंक है और प्रदेश में कानून-व्यवस्था का आलम यह है कि मनचले 3 किलोमीटर तक होनहार बेटी का पीछा करते रहे, जिसकी वजह से वह सड़क हादसे का शिकार हुई। उन्होंने कहा कि इस घटना के दोषियों को पकड़ने के बजाय बुलंदशहर की पुलिस मृतका के परिजन पर गलत आरोप लगाने में जुट गई है।

आप नेता ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाएं आम हो गई हैं। यहां पर नेता, पत्रकार, वकील, बेटियां व समाज के संभ्रांत लोग सुरक्षित नहीं है। व्यापारियों से रंगदारी वसूली जा रही है। उन्होंने मांग की है कि छात्रा के परिजन को एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए, तथा उनके परिवार के अन्य बच्चों को सरकार पढ़ाई की मुफ्त सुविधा दे। इसके साथ ही फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुदीक्षा के मामले की सुनवाई की जाए तथा दोषियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए।

यह था मामला
ग्रेटर नोएडा के दादरी निवासी छात्रा सुदीक्षा भाटी की सोमवार को बुलंदशहर के औरंगाबाद क्षेत्र में हादसे में मौत हो गई थी। वह बाइक से अपनी रिश्तेदारी में जा रही थी। मंगलवार को विपक्षी दलों ने इसे छेड़छाड़ से जोड़ते हुए सरकार पर सवाल दागे हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...