एक जुलाई से अनलॉक 2.0 शुरू हुआ तो उसके बाद से कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। 31 जुलाई तक एक महीने में कोरोना संक्रमितों की संख्या साढ़े तीन गुनी रफ्तार से बढ़ गई। एक जुलाई को 24 हजार कोरोना संक्रमित मरीज थे तो एक महीने के अंदर 31 जुलाई को उनकी तादाद साढ़े 85 हजार तक पहुंच गई। मौतों की संख्या भी बढ़ रही है तो रिकवरी रेट में आठ फीसदी की गिरावट हो गई है।
सभी प्रदेशों की सीमाएं खुलीं तो दूसरे राज्यों से लोग आने-जाने लगे। सभी दुकानें खुलीं तो होटल-रेस्टोरेंट खुल गए। लॉकडाउन के मायने केवल 200 मीटर के सीमित क्षेत्र में रह गए। जहां कोरोना संक्रमित मरीज मिले, वहां भी केवल बांस-बल्ली लगाने की औपचारिकता के रूप में दिखी। बाकी कंटेनमेंट क्षेत्र में भी किसी के आने-जाने पर रोकटोक नहीं हुई। नतीजा, यह हुआ कि प्रदेश में शुक्रवार सात अगस्त को तो यह संख्या एक लाख पार करके 1 लाख 14 हजार 399 तक पहुंच गई।
एक जुलाई से सात जुलाई के बीच 5912 केस बढ़े। दूसरे सप्ताह में यानी 15 जुलाई को पूरे हुए सप्ताह में 11415 केस बढ़े, तीसरे सप्ताह में यानी 15 से 23 जुलाई के बीच 16721 और चौथे सप्ताह में 23 से 31 जुलाई के बीच 27357 केस बढ़ गए। वहीं पांचवें सप्ताह में 31 जुलाई से एक अगस्त के बीच 28938 केस बढ़े।
अब एक दिन में मिल रहे औसतन 4 हजार केस, रिकवरी रेट भी हुआ कम
जुलाई की शुरुआत में एक दिन में 1400 कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे थे। वह बढ़कर अब चार हजार से ऊपर मिलने लगे हैं। कोरोना संक्रमित मरीजों की मौतें भी बढ़ी हैं। एक जुलाई को 718 मौतें हुईं थीं। यह 31 जुलाई को 1630 और सात अगस्त को बढ़कर 1981 तक पहुंच गईं। एक महीने पहले तक जो रिकवरी रेट 66 फीसदी तक पहुंच गया था, मौजूदा समय में वह घटकर 58 फीसदी पर आ गया है।
अनलॉक होने के बाद लोग लापरवाह तो हुए हैं। ज्यादातर लोग मास्क पहनने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने में अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं निभा रहे हैं।
डा.देवेन्द्र सिंह नेगी –महानिदेशक, चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग
तारीख कुल संक्रमित मरीज कुल मृत्यु
1 जुलाई 24056 718
7 जुलाई 29968 827
15 जुलाई 41383 1012
23 जुलाई 58104 1298
31जुलाई 85461 1630
7 अगस्त 1,14399 1981