स्वतंत्रता दिवस की 74वीं वर्षगांठ पर जब पूरा देश जश्न मना रहा था और सरकार सजायाफ्ता कैदियों को रहा कर रही थी तब अम्बेडकरनगर के मरैला जिला जेल में कैद एक विचाराधीन कैदी ने आत्महत्या कर ली। शनिवार को दोपहर बाद विचाराधीन कैदी 22 वर्षीय राजन चौहान के आत्महत्या करने की सूचना से जिला प्रशासन और कारागार प्रशासन में खलबली मच गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जेल अधीक्षक भूमिका यादव ने बताया कि विचाराधीन कैदी के आत्महत्या करने के कारणों की जांच की जा रही है । जलालपुर थाना क्षेत्र के डड़वा मगुराडिला निवासी राजन चौहान पुत्र रामप्रीत चौहान को बीते 12 अगस्त को पास्को एक्ट में गिरफ्तार कर पुलिस ने जेल भेजा था।
कोरोना संक्रमण के चलते शासन की गाइडलाइन के अनुसार राजन को अन्य कैदियों से अलग बैरक में क्वॉरेंटाइन किया गया था। पुलिस के अनुसार राजन पहले भी गांव में एक-दो बार सुसाइड का प्रयास कर चुका है। फिलहाल अहम सवाल उसके पास आत्महत्या से सम्बंधित सामान कैसे रह गए थे। जेल प्रशासन ने उसके सामान जमा क्यों नहीं करवाए थे। यह भी जांच का विषय है।