गोरखपुर-वाराणसी राष्ट्रीय राजमार्ग की दुर्दशा पर पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तंज कसा है। बुधवार को, राष्ट्रीय राजमार्ग-29 की बदहाली और वहां लगने ट्रकों की लम्बी कतार वाली फोटो ट्वीट करते हुए अखिलेश यादव ने लिखा-‘सबका साथ सबका विकास’।
गौरतलब है कि मंगलवार शाम गोरखपुर सर्किट हाउस की समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस राजमार्ग की खस्ताहालत पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने अधिकारियों को जल्द से जल्द काम पूरा करने का निर्देश दिया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शहर गोरखपुर और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी को जोड़ने वाले इस राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत फिलहाल ठीक नहीं है।
मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं। बारिश के दिनों में इनकी वजह से काफी दिक्कत हो रही है। गोरखपुर से बड़हलगंज तक का ही सफर पूरा करने में करीब तीन-साढ़े तीन घंटे का वक्त लग जाता है। इस सड़क को फोरलेन करने का काम 2017 के अप्रैल महीने में शुरू हो गया था लेकिन अभी तक करीब 40 से 45 प्रतिशत काम ही हो पाया है। पहले इस काम को 2019 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था।