लॉकडाउन के बावजूद उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। इसकी मुख्य वजह प्रदेश में लौटे प्रवासी श्रमिकों व कामगारों को माना जा रहा है। हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूर यूपी की तरफ लौट रहे हैं। इनको क्वारंटाइन सेंटरों में रखा जा रहा है और वहां इनमें से कइयों को अब तक पॉजिटिव पाया गया है। इसी का नतीजा है कि मंगलवार को सर्वाधिक 332 नए कोरोना पॉजिटिव एक ही दिन में सामने आए। परिणाम स्वरूप संक्रमितों का अंकड़ा 4935 तक पहुंच गया। अब तक प्रदेश में कुल 129 लोग अपनी जान गवां चुके हैं।
इन सब के बीच यूपी से राहत भरी खबर यह है कि नए मरीज मिलने के साथ-साथ स्वस्थ होने वाले मरीजों की संख्या में भी तेजी से इजाफा हो रहा है। मंगलवार को 135 मरीज और स्वस्थ हुए। अब तक कुल 2918 मरीज यानी 59.2 फीसद रोगी ठीक हो चुके हैं। अब सूबे में एक्टिव केस की संख्या 1855 रह गई है। ललितपुर व बदायूं ऐसे जिले हैं जहां इस समय एक भी एक्टिव केस नहीं है।