मेरठ: अब शहर के बाजारों में पुलिस-प्रशासन सुरक्षा और बढ़ाएगा। व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों ने निर्णय लिया है कि बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। सदर व्यापार मंडल इसकी शुरूआत करने जा रहा है।
एएसपी सदर बाजार और एसीएम ने व्यापारियों के साथ सदर इलाके के बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान सदर व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुनील दुआ, महामंत्री अमित बंसल समेत सभी पदाधिकारी और व्यापारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने व्यापारियों से सुरक्षा को लेकर चर्चा की और भरोसा दिया कि वह बेखौफ होकर अपना व्यापार करें। सुरक्षा के लिए सुझाव मांगे। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की सलाह के बाद सदर व्यापार मंडल ने निर्णय लिया कि बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाएंगे। अध्यक्ष सुनील दुआ और महामंत्री अमित बंसल ने कहा कि जल्द ही बाजारों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने का कार्य शुरू किया जाएगा।