नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने प्रदेश में कोरोना के घटते संक्रमण को लेकर शनिवार और रविवार को होने वाली साप्ताहिक बंदी को छोड़कर अन्य दिनों में कोरोना प्रोटोकॉल के साथ छूट दी गई थी। लेकिन अब प्रदेश सरकार राज्य में लागू दो दिवसीय साप्ताहिक बंदी में भी आंशिक छूट देने की योजना बना रही है। इसके लिए सीएम योगी ने बुधवार सुबह नया गाइडलाइन्स जारी किए हैं।
गृह विभाग को गाइडलाइन्स जारी करने के निर्देश
सीएम योगी ने बुधवार को टीम-9 के साथ हुई बैठक के दौरान प्रदेश में लागू 2 दिवसीय साप्ताहिक कर्फ्यू में आंशिक छूट देने का ऐलान किया है। इसके लिए यूपी के मुख्यमंत्री ने गृह विभाग को कोरोना से सम्बंधित गाइडलाइंस जारी करने के निर्देश दिए हैं। इसके चलते आगामी 24 से 48 घंटे में भीतर साप्ताहिक कर्फ्यू में आंशिक छूट के साथ नई गाइडलाइंस जारी हो सकती है।
‘हर स्थिति में कराया जाए कोरोना प्रोटोकॉल का पालन’
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गाइडलाइंस जारी होने से पहले अफसरों को कड़े निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि साप्ताहिक बंदी में आंशिक छूट मिलने के बाद जगह-जगह पर भीड़भाड़ जैसा माहौल बन सकता है। इससे कोरोना संक्रमण के फैलने का खतरा भी बढ़ेगा।
इन स्थितियों को देखते हुए हर स्थान पर प्रत्येक दशा में कोविड प्रोटोकॉल का अनुपालन कराया जाए। साथ ही किसी स्थान पर भीड़भाड़ न हो, इसका विशेष तौर पर ध्यान रखा जाए। मुख्यमंत्री योगी ने पुलिस पेट्रोलिंग लगातार जारी रखने के भी निर्देश दिए हैं।