रिपोर्ट: सत्यम दुबे
आगरा: अभी बाराबंकी सड़क हादसे का दुख कम हुआ भी नहीं था कि एक और बड़ा सड़क हादसा होते-होते बचा। बुधवार को आगरा जिले के फतेहाबाद इलाके में लखनऊ एक्सप्रेस वे पर 95 सवारियों की जान उस वक्त जोखिम में पड़ गई, जब एक्सप्रेस वे पर खड़ी बस में पीछे से आते तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।
आपको बता दें कि टक्कर इतनी जोर थी कि बस के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए। उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। गलीमत रही कि दुर्घटना में कोई गंभीर घायल नहीं हुआ। पुलिस ने सवारियेां को दूसरी बस से रवाना किया।
घटना बुधवार सुबह की है, दिल्ली से 95 सवारियों को लेकर बस कालपी जा रही थी। बस को चालक प्रमोद चला रहा था। लखनऊ एक्सप्रेस वे पर फतेहाबाद इलाके में एक सवारी को लघुशंका से निवृत्त होने के लिए चालक ने बस को रोक दिया। चालक ने बस को पार्किंग साइड में लगा रखा था। अधिकांश सवारियां नींद में थीं। चालक सवारी के लघुशंका से निवृत्त होकर लौटने का इंतजार कर रहा था।
तभी पीछे से आते तेज रफ्तार ट्रक ने बस में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जोरदार टक्कर के कारण सीट पर बैठी सवारियां गिर पड़ीं। उनमें इतना दहशत हो गया कि चीख-पुकार मच गई। बस से निकलने को लेकर अफरातफरी मच गई।
मामले की जानकारी होते ही सेफ्टी टीम क्रेन और एंबुलेंस लेकर घटनास्थल पर पहुंच गई। तब तक सभी सवारियां बस से सुरक्षित बाहर आ चुकी थीं। कोई गंभीर घायल नहीं हुआ था। सबको मामूली चोटें आई थीं। पुलिस ने उन सवारियों के लिए दूसरी बस की व्यवस्था करके कालपी के लिए रवाना कर दिया।