संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुटेरस ने चेतावनी दी है कि कोविड-19 संकट और वैश्विक जीडीपी में लगातार गिरावट के चलते इस साल करीब 4.9 करोड़ से अधिक लोगों के अत्यधिक गरीबी में गिरने की आशंका है। गुटेरस ने कोरोना संकट के कारण विश्व में खाद्य आपातकाल से बचने के लिए तत्काल कार्रवाई करने का आह्वान किया है।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख ने कहा कि विश्व में पैदा हुआ खाद्य आपातकाल लाखों बच्चों और वयस्कों पर दीर्घकालीन असर डाल सकता है। उन्होंने कहा कि दुनिया में 82 करोड़ लोग भूखे हैं और 5 साल से कम उम्र के करीब 14.4 करोड़ बच्चों का विकास प्रभावित हो रहा है।
गुटेरस ने चिंता जताई कि कोरोना महामारी इन हालातों को और भी बुरा बना रही है। उन्होंने कहा कि दुनिया की 7.8 अरब आबादी को खिलाने के लिए पर्याप्त भोजन है लेकिन हमारी खाद्य प्रणालियां नाकाम हो रही हैं।