रिपोर्ट- माया सिंह
ओडिशा : शादी के बाद विदाई के वक़्त दुल्हन जब अपने मां बाप को छोड़कर ससुराल जाती है। तो वह जी भरकर अपने मां-बाप और भाई-बहन से लिपटकर रोती है । उनका रोना देख परिवार के अन्य सदस्य भी भावुक हकर रो पड़ते है । लेकिन आपने सपने में भी नहीं सोचा होगा कि ऐसे रोने से किसी की जान जा सकती है ।मगर ओडिशा के सोनपुर जिले से इसी दौरान एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिसे सुनकर आपकी रूंह काप उठेगी।
दरअसल, अपनी विदाई में दुल्हन इतना रोई कि उसे दिल का दौरा पड़ गया और उसकी मौत हो गई है । उत्सव का माहौल उस वक्त शोक में बदल गया, जब विदाई के वक्त रोने से नवविवाहित दुल्हन गुप्तेश्वरी साहू उर्फ रोजी की मौत हो गई।
जानकारी मुताबिक, रोजी साहू की शादी शुक्रवार को बालानगीर के रहने वाले बिसिकिसन से हुई। बताया जा रहा कि शादी के बाद जब रोजी के घरवाले उसकी विदाई की तैयारी में लगे थे, तब से वह लगातार रो रही थीं। दुल्हन इस कदर फूट-फूटकर रो रही थी कि बेहोश होकर जमीन पर गिर गई।
मौके पर मौजूद परिवार के सदस्यों और रिश्तेदारों ने उसके हाथों की मालिश करके और उसके चेहरे पर पानी छिड़क कर उसे जगाने की पूरी कोशिश की ।
लेकिन इस प्रयास के बाद भी जब उसके शरीर में कोई हरक़त नहीं हुई तो उसे तुरंत दुंगुरीपली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद लड़की के शव को परिवार को सौंप दिया गया।
जुलुंडा गांव के एक निवासी ने बताया कि रोजी के पिता कुछ समय पहले ही गुज़र गए थे जिसके गम़ से अभी तक बाहर नहीं निकल पायी थी । बता दें कि रोजी के मामा और कुछ सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर उसकी शादी का प्रबंधन किया था।