नई दिल्ली : प्यार एक ऐसा रिश्ता होता है, जो कभी परवान पर चढ़ने के बाद शादी के बंधन में बदल जाता है तो, कभी मकाम हासिल करने से पहले ही धराशाई हो जाता है। लेकिन यहां प्यार भी हुआ, परवान भी चढ़ा, शादी की भी बातें आई, दुल्हन हाथों में मेहंदी लगाकर तैयार भी हुई। दुल्हा भी सेहरा बांधने वाला था ही की अचानक उसने दुल्हन को फोन किया और शादी से इंकार कर दिया। इस बाबत जब लड़की ने थाने में तहरीर दर्ज कराई और कहा कि वो अपने प्रेमी से ही शादी करेगी, नहीं तो मर जायेगी। वहीं लड़के ने कहा कि भले ही मुझे जेल जाना पड़े, लेकिन अब इससे शादी नहीं करूंगा।
आखिर क्या हुआ था ऐसा…
मामला उत्तर प्रदेश के महाराजगंज के सदर कोतवाली क्षेत्र से सामने आया है। जहां एक गांव में शादी की तैयारी पूरे जोर शोर से चल रही थी। घर को फूलों से सजाया जा रहा था। महिलाएं मंगल गीत गा रहीं थी पूरे घर में खुशियों का माहौल था। एक एक कर शादी की सभी रस्मों को पूरा किया जा रहा था। उसी दौरान लड़के का फोन आता है और लड़की उससे बात करते-करते अचानक बदहवास होकर नीचे गिर जाती है और पूरे घर में हड़कंप मच जाता है।
परिजन लड़की के चेहरे पर पानी छिड़कते हैं और उसे होश में लाते हैं। फिर लड़की रोते बिलखते बताती है कि यह रिश्ता टूट गया है अब बारात नहीं आएगी। दूल्हे ने शादी से इंकार कर दिया है, यह बात सुनकर परिवार के सभी लोग हैरान रह जाते हैं। आखिर शादी वाले दिन ऐसे भला कोई कैसे कर सकता है।
हाथों में मेहंदी लगाए शादी का कार्ड लेकर लड़की एसपी ऑफिस पहुंचती है और पूरे मामले की जानकारी पुलिस को देती है। वहां से मामला महिला थाने में ट्रांसफर कर दिया जाता है। देर शाम तक चौक पुलिस दोनों पक्षों को बुलाकर पंचायत शुरू कराई, लेकिन शाम तक कोई नजीता नहीं निकला।
बताया जा रहा है कि लड़के और लड़की बीच पहले से ही प्रेम-प्रसंग था। लड़की अपने माता-पिता की इकलौती बेटी है। दोनों एक ही जाति के हैं और एक शादी समारोह में दोनों की मुलाकात हुई थी फिर दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और शादी का फैसला किया। 16 मई को शादी की तारीख तय हुई। लेकिन शादी के दिन सुबह अचानक दूल्हे का फोन आता है और वो शादी से इंकार कर देता है।
इसके बाद पुलिस दोनों पक्षों को बुलाकर समझाने की कोशिश करती है। वहीं लड़की शादी करने की जिद्द पर अड़ी रहती है, पुलिस के सामने लड़की ने आरोप लगाया कि लड़के ने शादी का वादा किया था। वो लड़के को दिलो जान से चाहती है अगर उसकी शादी नहीं हुई तो वो जान दे देगी।
वहीं लड़के का कहना है कि उसे प्यार के नाम पर लड़की ने धोखा दिया है। वो हैदराबाद में काम करता है और उसने लड़की को एक स्कूटी भी खरीदकर दी थी। इसके अलावा एक लाख 25 हजार रुपये भी उसने दिये थे और यह रुपये लड़की ने गोरखपुर के रहने वाले एक व्यक्ति को नौकरी लगाने के एवज में घूस के रूप में दे दिये। इसके बाद दोनों के बीच फोन पर बातचीत शुरू हो गई इस दौरान दोनों के बीच नदजीकी बढ़ गई। दूल्हे के मुताबिक उसके पास उसी लड़के ने उनकी बातचीत का एक वीडियो भेजा है जिसे देखने के बाद उसका दिल टूट गया अब वो उससे शादी बिल्कुल भी नहीं करेगा। भले ही उसे जेल जाना पड़े।
वहीं इस मामले में एसपी प्रदीप गुप्ता का कहना है कि दोनों पक्षों में सुलह कराने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल बातचीत से अब तक कोई भी सामधान नहीं निकला है। अगर दोनों पक्षों में बात नहीं बनती है तो तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।