1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. कांग्रेस का केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप, कहा- 11 प्रदर्शनकारी किसानों की मौत

कांग्रेस का केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप, कहा- 11 प्रदर्शनकारी किसानों की मौत

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
कांग्रेस का केंद्र सरकार पर बड़ा आरोप, कहा- 11 प्रदर्शनकारी किसानों की मौत

कांग्रेस ने शनिवार को दावा किया कि केंद्रीय कृषि कानूनों के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान पिछले कुछ दिनों में 11 किसानों की मौत हो गई और इसके बाद भी केंद्र की भाजपा सरकार का दिल नहीं पसीज रहा।

कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक खबर का हवाला देते हुए ट्वीट किया, ‘‘कृषि क़ानूनों को हटाने के लिए हमारे किसान भाइयों को और कितनी आहुति देनी होगी?’’ कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने भी इसी खबर का उल्लेख करते हुए दावा किया, ‘‘ पिछले 17 दिनों में 11 किसान भाईयों की शहादत के बावजूद निरंकुश मोदी सरकार का दिल नहीं पसीज रहा।’’

उन्होंने यह सवाल भी किया, ‘‘सरकार अब भी अन्नदाताओं नहीं, अपने धनदाताओं के साथ क्यों खड़ी है? देश जानना चाहता है – “राजधर्म” बड़ा है या “राजहठ”?’’ कांग्रेस के दोनों नेताओं ने जिस खबर का हवाला दिया उसके मुताबिक, दिल्ली के निकट चल रहे किसानों के विरोध प्रदर्शन के दौरान पिछले कुछ दिनों में बीमार होने के बाद 11 किसानों की मौत हो चुकी है।

वही कृषि मंत्री नरेंद्र तोमर ने कहा, “किसानों की आपत्तियों का समाधान करने के लिए किसान संघों के पास एक प्रस्ताव भेजा गया है और सरकार इसपर आगे चर्चा के लिए तैयार है।”

वहीं, रेलवे और उपभोक्ता मामलों के मंत्री पीयूष गोयल ने कहीं अधिक मुखरता से आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे कुछ माओवादी और वामपंथी तत्वों ने आंदोलन का नियंत्रण संभाल लिया है और किसानों के मुद्दे पर चर्चा करने की जगह कुछ और एजेंडा चला रहे हैं।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...