मुम्बई : मध्य प्रदेश के धार जिले में विकसित किए जा रहे पीएम मित्र पार्क में बड़े निवेश की संभावना सामने आई है। मुंबई में आयोजित ‘इंटरैक्टिव सेशन ऑन इन्वेस्टमेंट अपॉर्च्युनिटीज इन मध्यप्रदेश’ के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भिलोसा इंडस्ट्रीज के प्रबंध निदेशक संदीप जैन के साथ वन-टू-वन बैठक की। इस दौरान कंपनी ने पीएम मित्र पार्क, धार में चरणबद्ध तरीके से 7,500 करोड़ रुपये तक निवेश करने की योजना साझा की।
भिलोसा इंडस्ट्रीज की ओर से बताया गया कि परियोजना के शुरुआती चरण में करीब 2,500 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश प्रस्तावित है। इसके बाद अलग-अलग चरणों में निवेश का विस्तार करते हुए कुल निवेश को 7,500 करोड़ रुपये तक ले जाने की योजना है।
प्रस्तावित परियोजना से करीब 3,750 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। बड़े पैमाने पर निवेश से धार और आसपास के क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

कंपनी पीएम मित्र पार्क में टेक्सटाइल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट स्थापित करने के लिए 200 एकड़ जमीन और सहायक इकाइयों के लिए 100 एकड़ भूमि की प्रक्रिया में है। इस तरह परियोजना के लिए कुल 300 एकड़ जमीन की जरूरत होगी।
कंपनी ने परियोजना के तहत वर्ष 2028 से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा है। चरणबद्ध तरीके से विकसित होने वाली इस परियोजना में टेक्सटाइल निर्माण के साथ इससे जुड़ी सहायक इकाइयों को भी स्थापित किया जाएगा।
पीएम मित्र पार्क में प्रस्तावित निवेश से मध्य प्रदेश में टेक्सटाइल उद्योग को मजबूती मिलने की उम्मीद है। परियोजना के आकार को देखते हुए इससे औद्योगिक निवेश बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार, सप्लाई चेन और सहायक व्यवसायों को भी बढ़ावा मिल सकता है।