श्योपुर: जिले के वीरपुर क्षेत्र में रात के अंधेरे में कथित तौर पर अवैध पत्थर उत्खनन और परिवहन का मामला सामने आया है। मंगलवार रात का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़े-बड़े सफेद पत्थर के ब्लॉक ओवरलोड तरीके से ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो वीरपुर के बाजार क्षेत्र का है।स्थानीय लोगों के मुताबिक, वीरपुर क्षेत्र में रात के समय कथित तौर पर कई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए पत्थर का परिवहन किया जाता है। ग्रामीणों का दावा है कि रोजाना करीब 10 से 15 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां बिना रॉयल्टी और वैध दस्तावेजों के पत्थर लेकर निकलती हैं।हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहे पत्थरों के परिवहन से जुड़े दस्तावेज और रॉयल्टी की स्थिति की भी संबंधित विभाग की ओर से पुष्टि नहीं की गई है।
सरकारी राजस्व के नुकसान का आरोप
स्थानीय लोगों का आरोप है कि यदि बिना वैध अनुमति और रॉयल्टी के पत्थर का परिवहन हो रहा है, तो इससे शासन को राजस्व का नुकसान हो सकता है। ग्रामीणों ने राजस्व और खनिज विभाग से पूरे मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि क्षेत्र में रात के समय होने वाली गतिविधियों की जानकारी स्थानीय स्तर के अधिकारियों और मैदानी अमले को होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। तहसीलदार और संबंधित विभागीय कर्मचारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं।
वायरल वीडियो के बाद जांच की मांग
वीडियो सामने आने के बाद अब यह सवाल उठ रहा है कि आखिर रात के समय इतनी बड़ी संख्या में पत्थर से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियां कहां से आ रही हैं और उनके पास परिवहन के लिए जरूरी दस्तावेज और रॉयल्टी है या नहीं।मामले में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से वीडियो की जांच, पत्थर के स्रोत की पड़ताल, परिवहन दस्तावेजों की जांच और दोषी पाए जाने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की है।अब देखना होगा कि वायरल वीडियो और ग्रामीणों की शिकायतों के आधार पर प्रशासन और खनिज विभाग क्या जांच करता है और कथित अवैध पत्थर परिवहन को लेकर क्या कार्रवाई सामने आती है।