पन्ना, मध्य प्रदेश: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पन्ना यातायात पुलिस ने कस्बे के साप्ताहिक बाजार में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान वाहन चालकों और आम नागरिकों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।यह अभियान पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर प्रदेशभर में 28 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक चलाए जा रहे विशेष सड़क सुरक्षा अभियान के तहत आयोजित किया गया।
हेलमेट और सीट बेल्ट को लेकर किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक पन्ना श्रीमती निवेदिता नायडू और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती बंदना सिंह चौहान के निर्देशन में थाना प्रभारी यातायात नीलम लक्षकार ने अपनी टीम के साथ साप्ताहिक बाजार में लोगों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।यातायात पुलिस ने लोगों से कहा कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का इस्तेमाल केवल पुलिस के चालान से बचने के लिए नहीं, बल्कि खुद और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए किया जाना चाहिए।
इन गलतियों से बढ़ता है सड़क हादसों का खतरा
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने लोगों को सड़क दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों के बारे में भी बताया। तेज गति से वाहन चलाना, नशे की हालत में वाहन चलाना, पर्याप्त ब्रेकिंग डिस्टेंस नहीं रखना, गलत तरीके से ओवरटेक करना, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल नहीं करना, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना और ओवरलोडिंग जैसी लापरवाहियां दुर्घटनाओं का कारण बन सकती हैं।पुलिस ने लोगों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सड़क पर सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही खराब सड़क और अन्य परिस्थितियों में अतिरिक्त सतर्कता रखने की सलाह दी गई।
‘हेलमेट को सुरक्षा कवच के रूप में अपनाएं’
यातायात पुलिस ने कहा कि यातायात नियम लोगों और उनके प्रियजनों की सुरक्षा के लिए बनाए गए हैं। सड़क दुर्घटनाओं में हेलमेट नहीं पहनना और सीट बेल्ट नहीं लगाना गंभीर परिणामों का कारण बन सकता है।पुलिस ने नागरिकों से अपनी जिम्मेदारी समझने और हेलमेट को सुरक्षा कवच के रूप में अपनाने की अपील की। साथ ही परिवार के अन्य सदस्यों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया।यातायात पुलिस ने आमजन से सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की।
पन्ना से राजेश रावत की रिपोर्ट।