1. हिन्दी समाचार
  2. Breaking News
  3. सीएम योगी का आज गोरखपुर दौरा, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

सीएम योगी का आज गोरखपुर दौरा, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

सीएम योगी आदित्यनाथ आज गोरखपुर दौरे पर रहेंगे। वे वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण गोपाल पाण्डेय के आवास पर श्रद्धांजलि देने के साथ कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे। गोरखनाथ मंदिर में विशेष कार्यक्रम और बाल मेला भी आयोजित होगा।

By: BS Yadav 
Updated:
सीएम योगी का आज गोरखपुर दौरा, कई कार्यक्रमों में होंगे शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज एक बार फिर गोरखपुर के दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। गोरखपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले अधिवक्ता कृष्ण गोपाल पांडे के आवास पर जाएंगे और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री निजी समाचार पत्र के कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे। वहीं, गोरखनाथ मंदिर में चल रहे विशेष कार्यक्रम में भी मुख्यमंत्री की मौजूदगी रहेगी।

वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण गोपाल पाण्डेय के घर पहुंचकर देंगे श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का सोमवार, 28 सितंबर को गोरखपुर दौरा प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक गोरखपुर पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री सबसे पहले दिवंगत वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण गोपाल पाण्डेय के आवास पर जाएंगे। यहां वे उनके निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण गोपाल पाण्डेय का गोरखनाथ मंदिर से भी लंबे समय से जुड़ाव रहा था। उनके आकस्मिक निधन के बाद मुख्यमंत्री उनके परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त करेंगे।

बाल मेला में 70 बच्चों का होगा सम्मान

एक निजी अखबार द्वारा आयोजित कार्यक्रम बाल मेला में अलग-अलग प्रतियोगिताओं में विजेता रहे बच्चों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में करीब 500 स्कूली बच्चों के शामिल होने की जानकारी है। इनमें सरकारी और निजी स्कूलों के साथ कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय तथा अनाथालय के बच्चे भी शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की प्रतिमा पर पुष्पार्चन करेंगे। इसके बाद बच्चों की ओर से तैयार किए गए नवाचार आधारित स्टॉल का अवलोकन भी करेंगे। कार्यक्रम में एमएमएमयूटी की कुलपति प्रो. अनुपमा कौशिक शर्मा और सदर सांसद रवि किशन शुक्ल के भी मौजूद रहने की जानकारी सामने आई है।

गोरखनाथ मंदिर के कार्यक्रम में भी होंगे शामिल

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गोरखपुर दौरे का एक महत्वपूर्ण पड़ाव गोरखनाथ मंदिर भी रहेगा। गोरखनाथ मंदिर में ब्रह्मलीन महंत दिग्विजयनाथ की 57वीं और राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की 12वीं पुण्यतिथि के अवसर पर सात दिवसीय श्रद्धांजलि समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 24 सितंबर से 30 सितंबर तक चल रहा है। समारोह में श्रीमद्भागवत कथा के साथ-साथ भारतीय संस्कृति, लोकतंत्र और समाज से जुड़े विभिन्न समसामयिक विषयों पर संगोष्ठियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में 28 सितंबर को गोरखनाथ मंदिर में भारतीय संस्कृति एवं गो-सेवा विषय पर विशेष संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। यानी कल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंदिर पहुंचकर इस कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। सात दिवसीय आयोजन के दौरान इससे पहले नशा नाश का कारण है और लोकतंत्र की जननी है भारत जैसे विषयों पर भी संगोष्ठियां हो चुकी हैं। वहीं, इस पूरे आयोजन के तहत गोरखनाथ मंदिर में श्रीमद्भागवत महापुराण कथा ज्ञान-यज्ञ का भी आयोजन हो रहा है। वृंदावन के रेवासा धाम से आए जगद्गुरु स्वामी राजेंद्रदास देवाचार्य कथा व्यास के रूप में श्रद्धालुओं को कथा सुना रहे हैं। उपलब्ध कार्यक्रम के मुताबिक कथा का आयोजन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक किया जा रहा है।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इससे पहले भी इस श्रद्धांजलि समारोह के कार्यक्रम में शामिल हो चुके हैं। 24 सितंबर को उन्होंने पुण्यतिथि समारोह के व्याख्यान सत्र को संबोधित किया था। अब 28 सितंबर को एक बार फिर उनकी मौजूदगी गोरखनाथ मंदिर के कार्यक्रम में होगी। महंत दिग्विजयनाथ और महंत अवेद्यनाथ की स्मृति में आयोजित यह श्रद्धांजलि समारोह 30 सितंबर तक चलेगा। कार्यक्रम के अंतिम चरण में 29 सितंबर को युगपुरुष महंत दिग्विजयनाथ और 30 सितंबर को राष्ट्रसंत महंत अवेद्यनाथ की श्रद्धांजलि सभाएं प्रस्तावित हैं। उपलब्ध कार्यक्रम विवरण के मुताबिक इन दोनों प्रमुख श्रद्धांजलि सभाओं में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी रहेगी। इस तरह मुख्यमंत्री के कल के गोरखपुर दौरे में गोरखनाथ मंदिर का कार्यक्रम भी अहम रहेगा, जहां वे भारतीय संस्कृति और गो-सेवा से जुड़े विषय पर आयोजित संगोष्ठी में शामिल होंगे।

एक ही दिन में कई अहम कार्यक्रम

ऐसे में 28 सितंबर का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गोरखपुर दौरा कई मायनों में महत्वपूर्ण रहने वाला है। एक तरफ वे वरिष्ठ अधिवक्ता कृष्ण गोपाल पाण्डेय के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे, तो दूसरी तरफ बाल मेला कार्यक्रम में बच्चों का उत्साहवर्धन करेंगे। इसके बाद गोरखनाथ मंदिर के कार्यक्रम में उनकी मौजूदगी रहेगी। मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों को लेकर संबंधित विभागों और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से सुरक्षा, यातायात और आयोजन स्थल की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। गोरखपुर में मुख्यमंत्री के एक दिवसीय प्रवास के दौरान अलग-अलग कार्यक्रमों में उनकी मौजूदगी रहेगी।

अंकित श्रीवास्तव की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...