रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
मुंबई : बॉलीवुड सितारों की चकाचौंध से भरी लाइफ आम लोगों को खूब पसंद आती है । लेकिन बॉलीवुड का डार्क फेस भी है, कई बार बॉलीवुड इंडस्ट्री के ही लोग इंडस्ट्री में चल रहे घिनौने कामों का खुलासा करते हैं । ऐसा ही एक खुलासा एक्ट्रेस प्राची देसाई ने भी किया है, जिन्होंने कुछ ही दिनों में दर्शकों के दिलों में अपनी जगह बना ली ।
एक्ट्रेस प्राची देसाई ने बॉलीवुड के डार्क फेस को लेकर खुलासा किया कि वो कास्टिंग काउच का शिकार हो चुकी हैं । प्राची ने हाल ही में एक इंटरव्यू में बताया कि जब उन्होंने छोटे पर्दे पर सफल होने के बाद बॉलीवुड का रुख किया, तब उन्हें कास्टिंग काउच का सामना करना पड़ा था । उनका आरोप है कि उन्हें बड़ी फिल्म में रोल पाने के लिए कॉम्प्रोमाइज करने के लिए कहा गया था । लेकिन डायरेक्टर के इस ऑफर के लिए प्राची ने साफ मना कर दिया था ।
उन्होंने बताया कि उनके मना करने के बाद भी वह डायरेक्टर उनसे संपर्क करने की कोशिश करता रहा, पर प्राची अपनी बात पर कायम रही। बता दें कि प्राची उन एक्ट्रेस में से एक हैं, जिन्होंने छोटे पर्दे के साथ-साथ बड़े पर्दे पर भी अपनी अदाकारी का लोहा मनवाया ।
आपको बताते चलें कि प्राची देसाई को साल 2008 में आई एक्टर फरहान अख्तर की फिल्म ‘रॉक ऑन’ से पहचान मिली । इस फिल्म में दर्शकों को उनकी एक्टिंग खूब पसंद आयी । इसके बाद प्राची ने ‘वंस अपॉन ए टाइम इन मुंबई’, ‘बोल बच्चन’ और ‘अजहर’ जैसी हिट फिल्मों में काम किया ।
हाल ही में प्राची देसाई की फिल्म ‘साइलेंस: कैन यू हियर इट’ ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हुई है, जिसमें उन्होंने एक पुलिस अधिकारी का रोल निभाया है । इस फिल्म में प्राची देसाई ने मनोज बाजपेयी, अर्जुन माथुर और साहिल वैद्य के साथ स्क्रीन शेयर किया है ।