रिपोर्ट: सत्यम दुबे
कन्नौज: यूपी के कन्नौज से एक ऐसा हैरतअंगेज मामला सामने आया है, जिसे जानकर आप भी दंग रह जायेंगे। यहां एक गांव में एक दुल्हन से शादी करने के लिए दो दूल्हे बारात लेकर पहुंच गये, तो वहां हड़कंप मच गया। लेकिन लोगो ने पुलिस की मदद लेकर मामले को सुलझा दिया है। एक वक्त तो वहां लड़ाई झगड़े की भी संभावना बन गई थी, लेकिन पुलिस ने मामले को बड़ी गंभीरता से सुलझा दिया है।
आपको बता दें कि जिले के सौरिख थाना के गांव ककलापुर में दूल्हा शादी करने के लिए बारात लेकर लड़की के दरवाजे पर पहुंचा, तो लड़की के परिजनों ने बारात का जोरदार स्वागत किया और फिर शादी की रस्में शुरू हो गईं। इधर बारात का स्वागत हो ही रहा था, कि इस बीच दुल्हन का प्रेमी भी बारात लेकर पहुंच गया। एक ही दरवाजे पर दो बारात देख वहां मौजूद गांव वाले और रिश्तेदार दंग रहे गए। लेकिन लड़की खुश थी।
घरवालों की मर्जी से तय दूल्हे के साथ लड़की की शादी की रस्में चल ही रही थीं, लेकिन जैसे ही प्रेमी बारात लेकर पहुंचा तो दुल्हन ने शादी की रस्में निभाने से मना कर दिया है। इस बीच मामले की गंभारता को देखते हुए किसी ने इस मामले की सूचना पुलिस को दे दी। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने प्रेमी और दुल्हन को हिरासत में ले लिय। पुलिस का हस्तक्षेप होते ही दोनों पक्षों में सुलह के लिए बातचीत का दौर चलने लगा।
इतनी हो ही रहा था कि मामले में एक और टर्न आया, पहले से दंग हुए लोग और परेशान हो गये। दरअसल, दुल्हन के प्रेमी की शादी पहले से 23 मई को तय थी, लेकिन वो अपनी प्रेमिका के दरवाजे पर बारात लेकर पहुंचा गया। अब इस बातचीत में तीसरे पक्ष के तौर पर प्रेमी के साथ पहले से तय रिश्ते के लोग भी जुड़ गए।
आपको बता दें कि तीनों पक्षों के बीच कई घंटे की पंचायत के बाद दुल्हन के परिजनों ने दूल्हे का सामान लौटा दिया और दूल्हे के पिता ने भी तिलक में मिली बाइक वापस कर दी। वहीं प्रेमिका के दरवाजे पर बारात लेकर पहुंचे प्रेमी ने भी जहां पहले शादी तय हुई थी उस परिवार से मामला निपटाने के लिए समझौता कर लिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में दुल्हन की शादी उसके प्रेमी के साथ हुई।
प्रेमी से युवती की शादी होने के बाद दूल्हा पक्ष काफी निराश था, लेकिन इस बीच गांव के ही एक परिवार ने अपनी लड़की की शादी का प्रस्ताव उसके परिजनों के सामने रख दिया। इसके बाद दूल्हा और उसके परिजनों ने हां कर दी और शादी की रस्में शुरू हो गईं. वहीं, एक ही रात में गांव से दो दुल्हनें विदा होने से सभी खुश हैं।