नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जहां शादी करने गया दूल्हा भूत की डर से परिजन समेत वापस लौट गया। वहीं दुल्हन जयमाल लिये वर का इंतजार करती रही। दूल्हे के परिजन ने आरोप लगाया कि दुलहन पर भूत-बाधा है, इसलिए ये शादी नहीं हो सकती। वहीं लड़की के पिता ने दहेज की मांग पूरी नहीं होने के कारण दूल्हे समते बारात वापस लौटने की बात कहीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मैनपुरी के नवीगंज से देवेंद्र की बारात कन्नौज के जगतपुर गांव में बुधवार को आई थी। दुलहन शिवानी जयमाल लिए वर का इंतजार करती रही। इधर भीषण गर्मी और प्यास लगने की वजह से दूल्हे को चक्कर आ गया। वह बेहोश होकर गिर पड़ा तो परिजन परेशान हो गए। इस दौरान वर पक्ष ने आरोप लगाया कि दुलहन को भूत बाधा है। बीमार लड़की से शादी कराई जा रही है। इसके बाद बारात समेत दूल्हा भाग निकला।
शादी वाले दिन दुल्हे के परिवार ने की ये डिमांड
लड़की के पक्ष के लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने 112 नंबर पर फोन करके पुलिस को सूचना दे दी। उन्होंने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी न होने की वजह से दूल्हा बारात लेकर वापस लौट गया। उन्होंने बताया कि बेटी को दहेज में टीवी, फ्रिज, कूलर, बाइक और बेड दिया था लेकिन शादी वाले दिन ही दूल्हे के परिजन ने अतिरिक्त 50 हजार रुपये की मांग कर दी। मांग पूरी न होने के कारण बारात वापस लौट गई।