बालाघाटः भारतीय संविधान के रचयिता भारत रत्न डॉ. भीमराव आम्बेडकर की 135वीं जयंती जिला मुख्यालय सहित अन्य तहसीलो व ग्रामीण अंचलों में हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। वहीं जगह-जगह विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन कर बाबासाहेब आंबेडकर को याद कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
नगर मुख्यालय सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में सामाजिक बंधुओं द्वारा रैली निकालकर बाबासाहेब डॉ आंबेडकर का जयघोष किया। तो वहीं जगह जगह मंचीय कार्यक्रमों के आयोजन कर संविधान रचयिता डॉ भीमराव आंबेडकर की जीवनी पर प्रकाश डालते हुए भारतीय समाज में दिए गए उनके योगदान और संविधान में प्रदत्त शक्तियों की जानकारी आम लोगों को देते हुए भारतीय संविधान का अनुसरण करने की बात कही गई।
नगर में जहां बाबा साहेब आम्बेडकर के अनुयायियो ने सुबह आंबेडकर चौक पहुचकर बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष कैंडल जलाकर पुष्प अर्पित कर शीश वंदन के साथ विशेष उपासना की। तो वहीं बौध्द अनुयायियों द्वारा जगह-जगह दिन भर विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन किए गए।
जहां नगर में कार्यक्रमों की शुरुआत में पूज्य भदन्त धम्मशिखर द्वारा आंबेडकरवादियों को त्रिशरण पंचशील ग्रहण करवाया और बाबा साहब एवं तथागत गौतम बुद्ध के भी सामाजिक लोगों के प्रति दिखाई गये भाव से अवगत कराया।
बालाघाट से संवाददाता विशाल महानंद की रिपोर्ट