मध्य प्रदेश के सीहोर जिले में महिलाओं और युवाओं की डिजिटल सुरक्षा को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे ‘सेफ क्लिक 2.0 अभियान’ के तहत सेंट मेरी हायर सेकेंडरी स्कूल में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से सतर्क करना और सुरक्षित डिजिटल उपयोग के प्रति जागरूक बनाना था।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सोनाक्षी सक्सेना ने छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग बेहद सावधानी से करना चाहिए। किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ निजी फोटो, वीडियो या व्यक्तिगत जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
एसपी ने विद्यार्थियों को बताया कि सोशल मीडिया अकाउंट्स में टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और प्राइवेसी सेटिंग्स को सक्रिय रखना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन माध्यम से ब्लैकमेल या धमकी देने का प्रयास करता है, तो तुरंत पुलिस या साइबर सेल से संपर्क करना चाहिए।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, एनसीआरपी पोर्टल और स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया। इससे छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध की स्थिति में त्वरित सहायता प्राप्त करने की जानकारी मिली।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, साइबर सेल प्रभारी सहित अन्य अधिकारी और स्कूल स्टाफ मौजूद रहे। स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए पुलिस प्रशासन का आभार व्यक्त किया और इसे विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।