देवरिया- प्रदेश विधानसभा की सभी सात सीटों पर हो रहे उपचुनाव में सभी दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है और विभिन्न तरीके से मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करते हुए, अपने-अपने प्रत्याशियों के लिए वोट मांग रहे हैं।
देवरिया में आज मुसलमान भाइयो ने जहाँ वारावफात का त्योहार मनाते हुए शहर के अबूबकर नगर में स्थित मस्जिद में जुमे की नमाज अदा की। वहीँ सपा, कांग्रेस व बसपा ने अपने पार्टी के एजेंडे के अनुसार मतदाताओं को लुभाने का प्रयास करते हुए वोट मांग चुनाव जिताने की अपील की।
इस दौरान कांग्रेस प्रत्याशी मुकुंद भाष्कर मणि की पत्नी स्वेता मणि ने कहा कि हमारी लड़ाई दलों की नहीं विचारधारा की है। कांग्रेस पार्टी ने हमेशा सभी वर्गो का सम्मान किया है।
आजादी के बाद पार्टी ने हिंदुस्तान का विकास कर मुख्य धारा में लाने का कार्य किया। इस चुनाव में हमारे प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित है। महिलाओं की सुरक्षा पर बोलते हुए कहा कि इस सरकार में महिला उत्पीड़न चरम पर है। हमारी सरकार बनने पर महिला उत्पीड़न के विरुद्ध प्रभावी कदम उठाया जाएगा।
सपा विधायक आशुतोष उपाध्याय ने बताया कि भाजपा सरकार झूठों की सरकार है। इस सरकार ने दमनकारी नीति अपनाते हुए जनता पर जुर्म ढा रही है। मोदी व योगी के झूठ के पुलिंदे को हम जनता के बीच में जाकर खोलने का कार्य कर रहे हैं।
आगे बताया कि इस चुनाव में सपा व भाजपा की लड़ाई है। हमे जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है, और यह चुनाव फतह कर आने वाले 2022 के चुनाव में हम अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाएंगे।