सपा की हुई अन्नू टंडन, कांग्रेस पार्टी को कहा अलविदा
उन्नाव की पूर्व सांसद अन्नू टंडन ने कांग्रेस पार्टी को अलविदा कहने के बाद समाजवादी पार्टी का दामन थाम लिया। ऐसे में जब उन्नाव के बांगरमऊ विधानसभा सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं, कांग्रेस के लिए यह बड़ा झटका माना जा रहा है।
अखिलेश यादव की मौजूदगी में अन्नू टंडन सपा में शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव फिर से मुख्यमंत्री बनें, इसी मकसद से वह सपा में आई हैं। कहा कि कांग्रेस में करीब 15 साल बिताने के बाद वहां रहकर जनता के लिए काम करना मुश्किल हो गया था।
इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ी। अब वो सपा में आई हैं जिसकी वजह अखिलेश यादव हैं। अखिलेश यादव ने भी अन्नू टंडन के सपा की सदस्यता ग्रहण करने पर खुशी जताई और उनका स्वागत किया।
अन्नू टंडन का पार्टी में स्वागत करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जब वो उन्नाव की सांसद थीं तो उन्होंने गरीबों के लिए काफी काम किया।
योगी सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इसने गरीबों, दलितों और पिछड़ों का बहुत नुकसान किया है इसलिए जनता भाजपा से नाराज है जिसका नतीजा उपचुनाव में देखने को मिलेगा। बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा को रोकने के लिए 2019 लोकसभा चुनाव में पार्टी के साथ गठबंधन किया था।
आप @yadavakhilesh जी जैसे एक प्रगतिशील एवं दूरदर्शी भावी मुख्य मंत्री के साथ काम करने का मेरा सौभाग्य है अब! आपकी विनम्रता और स्नेह की आभारी! अब #बाईस_में_बाइसिकल !! https://t.co/GFxh3RPFNf
— Annu Tandon (@AnnuTandonUnnao) November 2, 2020
अब वही कह रही है कि हमने उनको धोखा दिया। कहा कि सपा में कुछ तो है कि भाजपा और बसपा मिलकर इसको हराना चाहती है।
अन्नू टंडन के पार्टी में शामिल होने पर कहा कि खुशी है कि अन्य दलों के साथी सपा को मजबूत करने के लिए पार्टी में आ रहे हैं।