रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
मुंबई : फिल्मी दुनिया में कई ऐसे सितारें हैं, जिन्होंने काफी मेहनत करके बुलंदियां हासिल की हैं। हर किसी की सफलता के पीछे किसी-न-किसी का हाथ होता है। ऐसा ही कुछ हुआ शरमन जोशी के साथ, जिनके लिए मसीहा बनकर आए राजकुमार हिरानी ने उनकी किस्मत बदल डाली और शरमन को उनके करियर का सबसे बड़ा रोल मिल गया। लेकिन आपको जानकर हैरानी होगी कि ये रोल उन्हें टॉयलेट में ऑफर हुआ।
शरमन जोशी ने साल 1999 में फिल्म गॉडमदर से बॉलीवुड में कदम रखा, लेकिन हम बात कर रहे हैं ‘थ्री इडियट्स’ की। जिसे शरमन को राजकुमार ने ऑफर किया। जहाँ शरमन को करियर का सबसे बड़ा रोल मिला तो वहीं राजकुमार हिरानी को फिल्म के लिए तीसरा इडियट मिल गया।
View this post on Instagram
शरमन ने इस बात खुलासा एक लाइव चैट के दौरान किया था। दरअसल, वह इंडियन फिल्म डायरेक्टर राजकुमार हिरानी से एक थियेटर में अचानक मिले थे। शरमन ने बताया कि उनकी एक मीटिंग थी, जिसको होने में थोड़ा वक्त था। उस दौरान वे फिल्म देखने थियेटर चले गए थे। जहां उन्हें डायरेक्टर राजकुमार हिरानी दिखे, लेकिन उस दौरान डायरेक्टर कुछ लोगों से बात करने में व्यस्त थे।
शरमन ने कहा, “दरअसल, वहां सभी अपनी-अपनी फिल्म का ट्रेलर देखने आए हुए थे। मैंने उस समय किसी को भी परेशान करना सही नहीं समझा। उनको देखने के बाद मैं टिकट काउंटर पर गया लेकिन मुझे वहां टिकट नहीं मिला।”
टिकट न मिलने के कारण शरमन वापस जाने लगे थे, तभी डायरेक्टर राजकुमार हिरानी ने उनका नाम लेकर उन्हें पीछे से बुलाया। जिसको सुनने के बाद वे काफी खुश हुए कि राजकुमार हिरानी को उनका नाम पता है। जब शरमन राजकुमार के पास पहुंचे, तब उन्होंने कहा, “मुझे तुम्हारा काम पसंद आया है। एक फिल्म के लिए तुमसे बात करनी है। मैं तुमसे जल्द ही कनेक्ट करूंगा।”
शरमन आगे बताते है कि कुछ महीने बीत गए थे लेकिन उनको कॉल या मैसेज नहीं आया। उन्होंने बताया, “मैं एक ऑडिटोरियम के वॉशरूम में राजकुमार सर से मिला था। उस दौरान सर ने मुझे कहा कि एक फिल्म है, जिसको लेकर मैं तुम्हारे बारे में सोच रहा हूं। अब इसके बाद फिर से दो-तीन महीने निकल गए। सबसे अजीब बात यह है कि हम दोनों की जब भी मुलाकात हुई है वो हमेशा उसी ऑडिटोरियम के वॉशरूम में हुई है। एक बार फिर मुलाकात के बाद उन्होंने मुझसे कहा कि मेरे ऑफिस में मिलते हैं। मैं वहां गया और ऑडिशन दिया, जिसके बाद मुझे फिल्म थ्री इडियट्स मिल गई।”
बता दें कि शरमन जोशी ने कई बेहतरीन फिल्मों में उम्दा किरदार निभाया है। शरमन फिल्म लज्जा, स्टाइल, एक्सक्यूज मी, शादी नंबर 1 और रंग दे बसंती में भूमिका निभा चुके हैं। हालांकि, एक्टर को पहचान फिल्म ‘थ्री इडियट्स’, ‘रंग दे बसंती’ और ‘गोलमाल’ से मिला था। उनकी यह फ़िल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी। इन फिल्मों में फैंस को शरमन जोशी की एक्टिंग काफी पसंद आयी थी।
वहीं, शरमन की निजी जिदंगी की बात करें तो वह बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और मशहूर विलेन प्रेम चोपड़ा के दामाद हैं। शरमन ने प्रेम चोपड़ा की बेटी प्रेरणा चोपड़ा से साल 2000 में शादी की थी।