1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. बुरहानपुर में सेवा संकल्प अभियान, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

बुरहानपुर में सेवा संकल्प अभियान, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

बुरहानपुर के नेहरू मॉन्टेसरी स्कूल में सेवा संकल्प अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की। इस दौरान विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया और विकसित भारत 2047 पर बनाई गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी लगाई गई।

By: Nivedita 
Updated:
बुरहानपुर में सेवा संकल्प अभियान, सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश

बुरहानपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत नेहरू मॉन्टेसरी हायर सेकेंडरी स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें शिक्षा, प्रतिभा और अनुशासन के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।

युवाओं की भागीदारी से विकसित भारत का लक्ष्य

सांसद ज्ञानेश्वर पाटील ने कहा कि देश के युवा भारत के भविष्य की महत्वपूर्ण ताकत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अभी से अपने लक्ष्य तय करने, निरंतर मेहनत करने और अपनी क्षमताओं को देशहित से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में आज के विद्यार्थियों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। शिक्षा और युवा शक्ति को देश की प्रगति से जोड़कर आगे बढ़ने की जरूरत है।

विद्यार्थियों से जुड़ी योजनाओं का किया उल्लेख

कार्यक्रम के दौरान सांसद ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद के लिए आयोजित होने वाले ‘परीक्षा पे चर्चा’ जैसे कार्यक्रमों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शिक्षा, परीक्षा के दबाव और भविष्य से जुड़े विषयों पर संवाद की पहल उन्हें अपनी समस्याओं और अनुभवों को साझा करने का अवसर देती है।

स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण में सभी की भूमिका

सांसद ने स्वच्छ भारत मिशन का जिक्र करते हुए कहा कि स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण केवल सरकार या किसी एक विभाग की जिम्मेदारी नहीं है। प्रत्येक नागरिक और विद्यार्थी को इसमें अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य व्यापक जनभागीदारी से जुड़ा है। विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्र के हित में करने के लिए आगे आना चाहिए।

 

विद्यार्थियों ने कैनवास पर दिखाई विकसित भारत की तस्वीर

सेवा संकल्प अभियान के तहत स्कूल में निबंध, चित्रकला और भाषण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से विकसित भारत 2047 की परिकल्पना को कैनवास पर उकेरा।कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। सांसद ज्ञानेश्वर पाटील और अन्य जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई कलाकृतियों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

जनप्रतिनिधियों और स्कूल स्टाफ की रही मौजूदगी

कार्यक्रम में बुरहानपुर विधायक अर्चना चिटनीस, महापौर माधुरी अतुल पटेल, उद्योगपति माधव बिहारी अग्रवाल, नरेंद्र श्रॉफ, होशन हवलदार, कार्यक्रम संयोजक मनोज टंडन, जिला शिक्षा अधिकारी रोहिणी पवार सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इसके अलावा ज्योतिबा धडस, दिलीप दिवेकर, विजय कार्ले, पंकज पवार, डॉ. दीपक वाभले, पार्षद आशीष शुक्ला, रुद्रेश्वर एंडोले, संभाजी सगरे और मंडल अध्यक्ष रवि काकड़े सहित स्कूल की प्राचार्य, शिक्षक एवं विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...