कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने मंगलवार को पेट्रोल एवं डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से जुड़े फैसले को असंवेदनशील करार दिया है। सोनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से आग्रह किया कि कोरोना महामारी के समय लोगों की परेशानी को बढ़ाने वाली इस वृद्धि को वापस लिया जाए।
सोनिया गांधी ने पत्र में कहा कि सरकार पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ाकर 2,60,000 करोड़ रूपये का अतिरिक्त राजस्व जुटाने का प्रयास कर रही है, लेकिन जब प्रधानमंत्री देश के लोगों के अत्मनिर्भर होने की उम्मीद करते हैं तो ऐसे संकट में समय लोगों पर वित्तीय बोझ डालना उचित नहीं है।
उन्होंने दावा किया कि पिछले कुछ दिनों के दौरान अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत में करीब नौ फीसदी की कमी आई, लेकिन सरकार मुश्किल के समय लोगों को इसका लाभ देने के लिए कुछ नहीं कर रही है।
सोनिया ने कहा कि मैं आपसे आग्रह करती हूं कि बढ़ोतरी को वापस लिया जाए और कच्चे तेल की कम कीमत का लाभ सीधे देश के नागरिकों को दिया जाए।