सीहोर जिले के ग्राम सेवनिया में रास्ते को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा मार्ग पर अतिक्रमण कर आवागमन बाधित किया गया था। इसी दौरान एक युवक ने उक्त रास्ते से निकलने का प्रयास किया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया।
जानकारी के अनुसार, विवाद के दौरान युवक पर कथित रूप से हमला कर दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।