सहारनपुर : रिजर्व पुलिस लाइन में यातायात माह नवंबर के शुभारंभ के प्रथम दिन यातायात पुलिस द्वारा जन जागरूकता रैली निकालकर वाहन चालकों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया।
यातायात जन जागरूकता रैली का शुभारंभ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ एस चन्नप्पा ने हरी झंडी दिखाकर एवं गुब्बारे उड़ाकर किया,रैली को संबोधित करते हुए सहारनपुर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ एस चन्नप्पा ने कहा कि यातायात माह के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम चलाकर लोगों को हेलमेट, सीट बेल्ट के साथ-साथ मास्क लगाने के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।
जिससे वाहन चालक यातायात के नियमों का पालन करेगा तो दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर को 10% कम किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन ना करने वाले वाहन चालकों का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान कर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाने के साथ-साथ ट्रैक्टर ट्रॉली पर रिफ्लेक्टर लगाने का काम किया जाएगा। और हर थाने में यातायात जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखकर फ्लेक्स भी लगाए जाएंगे।
जागरूकता रैली में ट्रैफिक पुलिस कर्मी, ट्रैफिक होमगार्ड, पुलिस लाइन से पुलिसकर्मी एवं महिला पुलिसकर्मी बाइक पर हेलमेट पहने चल रहे थे। जागरूकता रैली पुलिस लाइन से चलकर कलेक्ट्रेट, दीवानी कचहरी,कोर्ट रोड, रेलवे स्टेशन, घंटाघर, देहरादून चौक, अस्पताल चौक, विश्वकर्मा चौक से होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई।