1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. रामलला मंदिर दानपात्र चोरी पर RSS का बयान, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पारदर्शी व्यवस्था की मांग

रामलला मंदिर दानपात्र चोरी पर RSS का बयान, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पारदर्शी व्यवस्था की मांग

अयोध्या के रामलला मंदिर में दानपात्र से चोरी की घटना पर RSS के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने चिंता जताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने मंदिर प्रबंधन से पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने और समाज से धैर्य व संयम बनाए रखने की अपील भी की है।

By: Nivedita 
Updated:
रामलला मंदिर दानपात्र चोरी पर RSS का बयान, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पारदर्शी व्यवस्था की मांग

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अयोध्या स्थित श्री रामलला मंदिर के दानपात्रों से धनराशि चोरी होने की घटना पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि यह घटना करोड़ों रामभक्तों की आस्था और श्रद्धा को आहत करने वाली है तथा इसे अत्यंत गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

दोषियों को मिले कठोर दंड

जारी वक्तव्य में कहा गया कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के आग्रह पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और उसकी अनुशंसा के आधार पर कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई है। संघ ने मांग की है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

मंदिर प्रबंधन से पारदर्शी व्यवस्था की अपेक्षा

RSS ने कहा कि इस घटना को एक असाधारण और गंभीर चूक मानते हुए मंदिर प्रबंधन को संचालन और वित्तीय व्यवस्था में मौजूद कमियों को दूर करने के लिए प्रभावी कदम उठाने चाहिए। वक्तव्य में कहा गया कि पारदर्शी प्रबंधन और बेहतर व्यवस्था से ही करोड़ों श्रद्धालुओं का विश्वास और आस्था मजबूत बनी रहेगी।

 

भ्रम की स्थिति समाप्त करने पर जोर

संघ ने कहा कि वर्तमान में बने भ्रम और असमंजस के माहौल को जल्द समाप्त किया जाना चाहिए। इसके लिए मंदिर प्रबंधन और शासन द्वारा गठित विशेष जांच दल से आवश्यक कदम उठाने की अपेक्षा जताई गई है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

समाज से धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील

अपने बयान के अंत में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने समाज से शांति, धैर्य और संयम बनाए रखने की अपील की। साथ ही कहा कि इस घटना का लाभ उठाकर समाज में भ्रम फैलाने या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने की किसी भी कोशिश को सफल नहीं होने देना चाहिए।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...