देश के कुछ हिस्सों में मौसम ने करवट बदली है। कई राज्यों में हुई बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। जबकि उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई हिस्सों में भीषण गर्मी रही। मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में चंद्रपुर देश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
चंडीगढ़ में सात डिग्री कम हुआ पारा
चंडीगढ़ तथा हरियाणा और पंजाब के कुछ हिस्सों में बारिश हुई, जिससे तापमान में कुछ गिरावट आई और गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने कहा कि चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 32.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम है।
पंजाब में भी तापमान में गिरावट दर्ज की गई
पंजाब के, पटियाला में अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री कम 29.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
हरियाणा के अंबाला, करनाल, हिसार और नारनौल में भी अधिकतम तापमान सामान्य से कम क्रमश: 30.4, 29.8, 37 और 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 29 और 30 मई को दोनों राज्यों में कई स्थानों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई थी।