दतिया जिले में रतनगढ़ माता मंदिर से दर्शन कर लौट रहे परिवार के साथ हुई लूट की वारदात का पुलिस ने महज 36 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि विरुद्ध बालक को भी अभिरक्षा में लिया गया है।
जानकारी के अनुसार 14 मई को खमरौली-लोकेंद्रपुर मार्ग स्थित करौली के पास चार बदमाशों ने भिंड जिले के निवासी अवधेश कुशवाहा और उनके परिवार को रोककर कट्टा अड़ाया और सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और मोबाइल फोन लूटकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद थाना डिरौली पार में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए भिंड जिले के ग्राम रतवा में दबिश दी और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का देसी कट्टा, जिंदा कारतूस, सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने अन्य वारदातों में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। गिरफ्तार आरोपियों पर पहले से 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम की इस कार्रवाई की सराहना की जा रही है।