रिपोर्ट-पल्लवी त्रिपाठी
मुंबई : साउथ फिल्म इंडस्ट्री के जाने-माने डायरेक्टर शंकर ने दो दिनों पहले ही अपनी सुपरहिट फिल्म ‘अन्नियन’ के हिन्दी रीमेक का ऐलान किया । जिसके लिए रणवीर सिंह को मुख्य किरदार के तौर पर कास्ट किया गया है । लेकिन इसी बीच फिल्म शुरू होने से पहले ही रणवीर की मुश्किलें बढ़ती नज़र आ रही हैं ।
फिल्म ‘अन्नियन’ के निर्माता रविचंद्रन ने डायरेक्टर शंकर को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है । उनका कहना है कि अगर वो ‘अन्नियन’ का हिन्दी रीमेक उनकी इजाजत के बिना बनाते हैं तो वो उनके खिलाफ कोर्ट में केस करेंगे । रविचंद्रन ने आगे लिखा- ‘अन्नियन’ का हिन्दी रीमेक बनाने के लिए उनसे इजाजत नहीं ली गई है । ये कानूनी तौर पर गलत है ।
रविचंद्रन ने फिल्म के रिमेक की अनाउंसमेंट को लेकर लिखा, ‘मुझे यह जानकर बहुत शॉक लगा है कि आपने ‘अन्नियन’ के हिन्दी रीमेक का अनाउंसमेंट कर दिया है । आप अच्छी तरह से जानते हैं कि फिल्म अन्नियन का निर्माता मैं हूं । फिल्म की कहानी के सारे राइट्स मेरे पास हैं, जो मैंने लेखक सुजाता से खरीदे थे । मैंने सुजाता को पूरे कीमत चुकाई है, जिसके सबूत भी मेरे पास हैं । ऐसे में मेरी इजाजत के बिना फिल्म की कहानी चुराना या उसका रीमेक बनाना गैरकानूनी है ।’
वहीं, डायरेक्टर शंकर ने रविचंद्रन के नोटिस का जवाब देते हुए कहा, ‘मुझे आपका नोटिस मिलने से झटका लगा है कि आप फिल्म ‘अन्नियन’ की कहानी के मालिक हैं ।’ शंकर का कहना है कि ‘कहानी की स्क्रिप्ट मेरे पास है और मैं उसे किसी भी तरह से इस्तेमाल करने का हकदर हूं । क्योंकि लिखित तौर पर आपके पास ऐसे कोई राइट्स नहीं हैं, जिसमें ये लिखा हो कि इसके रिमेक या इससे जुड़ी कोई और कहानी बनाने के लिए आपसे राइट्स लेने होंगे । कागजातों के आभाव में आप मुझे ऐसा नहीं कह सकते कि मैं फिल्म नहीं बना सकता या इसके राइट्स आपके पास हैं ।’
आपको बताते चलें कि रणवीर सिंह और डायरेक्टर शंकर की ये पहली फिल्म होगी । जिसे दोनों साथ में करने जा रहे हैं । इस फिल्म को बड़े स्तर पर बनाने का ऐलान किया गया है ।