रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी
मुंबई : फिल्मों की दुनिया बेहद रंगीन होती है, काफी लोग इस इंडस्ट्री का हिस्सा बनना चाहते हैं। लेकिन बॉलीवुड का डार्कसाइड भी है। जिसका कई एक्टर और एक्ट्रेस को स्ट्रगल के दौरान शिकार होना पड़ता है। कुछ ऐसा बॉलीवुड के अतरंगी एक्टर कहे जाने वाले रणवीर सिंह के स्ट्रगल के दिनों में भी हुआ। रणवीर सिंह अपने स्ट्रगल के दिनों में कास्टिंग काउच का शिकार हुए थे।
एनडीटीवी को दिए अपने एक इंटरव्यू में रणवीर सिंह ने अपने साथ हुई इस घटना खुलासा किया था। उन्होंने बताया कि उन्हें मुलाकात से पहले बताया गया कि जिनसे वो मिलने वाले हैं, वो एक सज्जन व्यक्ति हैं। रणवीर के मुताबिक, उस शख्स ने उनका पोर्टफोलियो एक बार भी नहीं देखा।
रणवीर ने कहा, ‘मैं बतौर असिस्टेंट डायरेक्टर काम कर चुका था। इसलिए मुझे पता था कि 500 पन्ने के पोर्टफोलियो पर कोई नजर भी नहीं डालता। इसलिए मैंने एक बहुत इंप्रेसिव पोर्टफोलियो डिजाइन किया था, जिसे कोई भी कम से कम एक बार तो देखेगा ही, पर उन्होंने एक नजर भी नहीं डाली।’
रणवीर बताते हैं कि उसने कहा कि शोबिज की दुनिया में आगे बढ़ने के लिए स्मार्ट और सेक्सी होना जरूरी है। हालांकि, इस बातचीत के बीच उस शख्स ने रणवीर से कहा कि आगे आकर एक बार छुओ न, जिस पर रणवीर ने साफ इंकार किया। वो शख्स लगातार दबाव बनाता रहा और जब रणवीर ने सख्ती से मना किया तो वो रूठ गया, रणवीर कहते हैं, ‘वो ऐसे रूठ गया मानो जैसे किसी आशिक का दिल टूट गया हो।’
रणवीर सिंह ने आगे कहा कि उन्होंने इस घटना के बाद कई स्ट्रगलर्स से ये बात साझा की और अपना एक्सपीरियंस बताया, जिस पर उन्होंने भी रणवीर जैसा ही रिएक्शन दिया। साथ ही उन्होंने रणवीर को बताया कि उनकी भी उस शख्स के साथ मुलाकात वैसी ही रही है और वे भी कास्टिंग काउच का शिकार हो चुके हैं।